कंकाल लेकर बैंक पहुंचने की घटना पर सियासत तेज, BJD बोली- समाज को झकझोर दिया; BJP ने दिया कार्रवाई का भरोसा
ओडिशा के केंदझर में बहन का कंकाल लेकर बैंक पहुंचे व्यक्ति की घटना पर सियासत तेज हो गई है। बीजद ...और पढ़ें

बीजद के वरिष्ठ नेता प्रसन्न आचार्य और उद्योग मंत्री संपद स्वांई।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के केंदझर में बहन का कंकाल लेकर बैंक में जमा राशि निकालने पहुंचे एक व्यक्ति की घटना पर सियासत तेज हो गई है। विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने इसे व्यवस्था की संवेदनहीनता का प्रतीक बताते हुए ‘दिल दहला देने वाली’ घटना करार दिया है, जबकि राज्य सरकार ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
बीजद के वरिष्ठ नेता प्रसन्न आचार्य ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी ऐसी तस्वीर सामने आना बेहद चिंताजनक है। यह घटना गरीब और वंचित वर्ग की पीड़ा को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज दोनों को ऐसे मामलों के प्रति अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनने की जरूरत है।
BJD ने बताया हृदयविदारक और अविश्वसनीय घटना
उन्होंने कहा, “यह घटना हृदयविदारक और अविश्वसनीय है। इसने पूरे समाज को झकझोर दिया है। गरीबों को अपने हक के लिए इस हद तक मजबूर होना पड़े, यह बेहद दुखद है। भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए सामूहिक स्तर पर प्रयास जरूरी है।”
BJD के आरोपों पर उद्योग मंत्री का जवाब
उधर, बीजद के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उद्योग मंत्री संपद स्वांई ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अगर किसी अधिकारी की लापरवाही या उत्पीड़न के कारण पीड़ित को ऐसा कदम उठाना पड़ा है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
संपद स्वांई ने कहा, “यह बेहद संवेदनशील और दुर्भाग्यपूर्ण मामला है। सरकार पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। यदि किसी अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।”
इस घटना को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष जहां इसे सरकार की विफलता बता रहा है, वहीं सरकार ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया है। अब इस मामले में आगे क्या कदम उठते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
