घर में इंटरनेट नहीं मिला तो पहाड़ी पर चढ़कर ओडिशा की दो बहनों ने की पढ़ाई, बिना कोचिंग क्रैक किया NEET
ओडिशा के मयूरभंज जिले की यज्ञसेनी और दिव्यसेनी ने इंटरनेट और आर्थिक तंगी के बावजूद बिना कोचिंग के NEET परीक्षा पास की।

पहाड़ी पर चढ़कर ओडिशा की दो बहनों ने की पढ़ाई

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। सपनों को उड़ान देने के लिए संसाधनों की नहीं, हौसले और मेहनत की जरूरत होती है। ओडिशा के मयूरभंज जिले के कप्तिपदा ब्लाक के महुलापंखा गांव की दो बहनों ने इसे सच साबित कर दिखाया है।
गांव में इंटरनेट की सुविधा नहीं होने और आर्थिक तंगी के बावजूद यज्ञसेनी और दिव्यसेनी ने बिना किसी कोचिंग के नीट परीक्षा में सफलता हासिल की है। दोनों अब मेडिकल की पढ़ाई कर डॉक्टर बनने की राह पर आगे बढ़ेंगी।
नेटवर्क के लिए घर छोड़ पहाड़ी पर जाती थी
महुलापंखा गांव मजिगड़िया पंचायत के अंतर्गत आता है। यज्ञसेनी और उनकी छोटी बहन दिव्यसेनी के पिता गौरांग खतुआ किसान हैं, जबकि मां सुनीता आंगनबाड़ी सहायिका हैं। परिवार की सीमित आमदनी में घर चलाने के साथ दोनों बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठाना आसान नहीं था। ऐसे में नीट की तैयारी के लिए महंगी कोचिंग लेना उनके लिए संभव नहीं था।
दोनों बहनों ने ऑनलाइन कक्षाओं और स्वाध्याय को अपना सहारा बनाया। मगर गांव में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति इतनी खराब थी कि घर पर ऑनलाइन कक्षाएं करना मुश्किल हो जाता था। पढ़ाई में नेटवर्क बाधा न बने, इसके लिए दोनों कई बार घर से निकलकर आसपास की पहाड़ियों पर चढ़ जाती थीं। पहाड़ी की चोटी पर जहां मोबाइल नेटवर्क मिलता, वहीं बैठकर वे ऑनलाइन कक्षाएं करतीं और घंटों पढ़ाई में जुटी रहतीं।
तीसरे प्रयास में यज्ञसेनी, पहले प्रयास में दिव्यसेनी सफल
मुश्किलों के बीच दोनों बहनों ने डॉक्टर बनने का सपना नहीं छोड़ा। बड़ी बहन यज्ञसेनी ने तीसरे प्रयास में नीट क्वालीफाई किया, जबकि छोटी बहन दिव्यसेनी ने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली। दोनों की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।
माता-पिता ने आर्थिक परेशानियों के बावजूद बेटियों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। खेती से होने वाली पिता की आमदनी और मां की आंगनबाड़ी की आय से परिवार का खर्च चलता है। इसी सीमित संसाधन में दोनों बेटियों ने अपनी पढ़ाई जारी रखी।
मेहनत और हौसले की बनी मिसाल
यज्ञसेनी और दिव्यसेनी की सफलता सिर्फ एक परीक्षा पास करने की कहानी नहीं है, बल्कि यह उन विद्यार्थियों के लिए मिसाल है, जो सीमित संसाधनों के कारण अपने सपनों को छोटा समझने लगते हैं। दोनों बहनों ने साबित किया कि सुविधाओं की कमी मंजिल की राह में बाधा जरूर बन सकती है, लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत के आगे यह बाधा टिक नहीं सकती।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।