पुरी में किसान ने की आत्महत्या, चौकी प्रभारी पर प्रताड़ना और घूसखोरी का आरोप, 6 पर केस दर्ज
पुरी जिले के गुरुबाई गांव में झींगा पालन विवाद के चलते एक किसान ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
झींगा विवाद में पुलिस प्रताड़ना से किसान ने की आत्महत्या।
मृतक के परिजनों ने चौकी प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप।
आरोपों के बाद चौकी प्रभारी का पुरी मुख्यालय तबादला।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के पुरी जिले के गुरुबाई गांव में झींगा पालन से जुड़े विवाद के चलते एक किसान की कथित तौर पर आत्महत्या का मामला सामने आया है।
मृतक के स्वजन ने नुआपड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी मनोरंजन दास और अन्य लोगों पर प्रताड़ित करने तथा विवाद का समाधान नहीं करने का आरोप लगाया है। आरोप सामने आने के बाद पुलिस चौकी प्रभारी दास का तबादला पुरी जिला मुख्यालय कर दिया गया है।
दो महीने से बनाया जा रहा था दबाव
मृतक पंचानन सेठ के बेटे प्रियरंजन सेठ ने आरोप लगाया कि झींगा किसानों और एक कारोबारी के बीच विवाद को लेकर उनके पिता नुआपड़ा पुलिस चौकी गए थे।
इसके बाद से ही चौकी प्रभारी मनोरंजन दास और दिलीप प्रधान उन पर दबाव बना रहे थे। पिछले दो महीने से उन्हें परेशान किया जा रहा था, जबकि बीते 15 दिनों में दबाव और बढ़ गया था।
प्रियरंजन के अनुसार, इस मामले में तीन अन्य लोग भी शामिल थे। उनके पिता ने सुसाइड नोट में इन सभी के नाम का उल्लेख किया है।
छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
आरोप है कि चौकी प्रभारी ने विवाद का समाधान कराने का भरोसा देकर पंचानन से पांच हजार रुपये लिए थे। बाद में उन्होंने कथित तौर पर दूसरे पक्ष से भी पैसे लिए और किसान को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
पंचानन की मौत के बाद उनकी पत्नी ने कृष्णप्रसाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने 25 अक्टूबर 2026 को मामला संख्या 286 दर्ज किया है। आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में छह लोगों को इस मामले में आरोपित किया गया है।
जांच जारी, चौकी प्रभारी का तबादला
पुरी सदर के एसडीपीओ मानस रंजन बारिक ने बताया कि गुरुबाई गांव के मृतक पंचानन सेठ की पत्नी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। इसकी जांच ब्रह्मगिरि थाने के आईआईसी बामदेव स्वाईं कर रहे हैं।
आरोपों के सामने आने के बाद नुआपड़ा चौकी प्रभारी मनोरंजन दास को पुरी जिला मुख्यालय स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और चौकी प्रभारी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
