विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूएई से ओडिशा के लिए खुशखबरी, ₹8417 करोड़ के निवेश से 14310 युवाओं को मिलेगी नौकरी

Published: Fri, 11 Sep 2026 07:13 PM (IST)

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के दुबई दौरे के दौरान ओडिशा को 8,417 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मुख्यमंत्री के दुबई दौरे से 8,417 करोड़ रुपये के प्रस्ताव।

  2. पांच एमओयू पर हस्ताक्षर, 14,310 रोजगार के अवसर।

  3. आईटी, रियल एस्टेट, एल्युमीनियम जैसे क्षेत्रों में निवेश।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। दुबई दौरे के दौरान ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के नेताओं, वैश्विक निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और कारोबारी संस्थानों के साथ कई उच्चस्तरीय बैठकें कीं। इन बैठकों का उद्देश्य राज्य में नए निवेश अवसरों की तलाश और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना था।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान ओडिशा को कुल 8,417 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इस दौरान पांच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए तथा आठ निवेश प्रस्ताव मिले। इन निवेशों से राज्य में लगभग 14,310 रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है।

प्रस्तावित निवेश सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक्स, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, इस्पात, दुर्लभ मृदा रसायन (रेयर अर्थ केमिकल्स), एल्युमीनियम तथा सर्कुलर इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं।

यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री से मुलाकात

निवेश प्रोत्साहन अभियान के तहत मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मरी के साथ सीधी वार्ता की।

इस दौरान ओडिशा और यूएई के बीच आर्थिक एवं निवेश संबंधों को मजबूत बनाने तथा राज्य में निवेश की नई संभावनाओं पर चर्चा हुई।

odisha cm news

मुख्यमंत्री ने ओडिशा के अनुकूल कारोबारी माहौल, तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश संभावनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने विशेष रूप से एल्युमीनियम उद्योग और उसके डाउनस्ट्रीम सेक्टर में निवेश के लिए यूएई के निवेशकों को आमंत्रित किया।

शराफ समूह ने निवेश का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री ने शराफ समूह के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्याम कपूर से भी मुलाकात की। दोनों के बीच ओडिशा में निवेश और व्यापारिक सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के निवेश-अनुकूल वातावरण और विकसित हो रहे औद्योगिक बुनियादी ढांचे की जानकारी दी। श्याम कपूर ने भी ओडिशा में निवेश को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया।

सेमीकंडक्टर और हरित ऊर्जा में अपार संभावनाएं

ओडिशा की निवेश क्षमता पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि सेमीकंडक्टर, डाटा सेंटर, नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन अमोनिया, ग्रीन हाइड्रोजन, फार्मास्यूटिकल्स, वस्त्र एवं परिधान क्षेत्रों में भारी मांग है।

हमने अब तक लगभग 22 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। कुछ परियोजनाओं पर काम चल रहा है, कुछ प्रक्रिया में हैं और कुछ का उद्घाटन भी किया जा चुका है। आने वाले दिनों में कई अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- ओडिशा के क्योंझर को दूसरा जमशेदपुर बनाएंगे सीएम माझी; जापान की JFE स्टील ओडिशा में लगाएगी मेगा प्लांट