विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा के क्योंझर को दूसरा जमशेदपुर बनाएंगे सीएम माझी; जापान की JFE स्टील ओडिशा में लगाएगी मेगा प्लांट

Published: Tue, 28 Apr 2026 07:25 PM (IST)

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने क्योंझर को पूर्वी भारत का दूसरा जमशेदपुर बनाने का रोडमैप पेश किया है। ...और पढ़ें

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने क्योंझर में 1647 करोड़ के पावर ग्रिड की नींव रखी।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने क्योंझर में 1647 करोड़ के पावर ग्रिड की नींव रखी।

HighLights

  1. 1,647 करोड़ के ग्रिड सब-स्टेशन की आधारशिला।

  2. जेएफई स्टील क्योंझर में लगाएगी मेगा प्लांट।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने खनिज संपदा से समृद्ध क्योंझर जिले के औद्योगिक कायाकल्प के लिए रोडमैप पेश किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार क्योंझर को पूर्वी भारत के दूसरे 'जमशेदपुर' के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। 
 
इस विजन को साकार करने की दिशा में उन्होंने जिले के उच्छाबली में 1,647 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 400/220 केवी ग्रिड सब-स्टेशन की आधारशिला रखी।
 

बिजली बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार

उत्कल गौरव मधुसूदन दास की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम माझी ने पांच नई ट्रांसमिशन लाइनों का भी उद्घाटन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्योंझर सदर, तेलकोई, झूमपुरा, जोड़ा और बड़बिल जैसे क्षेत्रों के लगभग 7.17 लाख उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलेगी।
 
मुख्यमंत्री ने कहा क‍ि एक विकसित समाज और औद्योगिक प्रगति के लिए बिना रुकावट बिजली अनिवार्य है। हम बिजली लाइनों को टीटीपीएस-जोड़ा और तुरुमुंगा-रायरंगपुर लाइनों से जोड़ रहे हैं, ताकि घरेलू और औद्योगिक मांग के बीच सटीक संतुलन बना रहे।
 

तकनीकी नवाचार: अब बिना कटौती होगी मरम्मत

ओडिशा विद्युत क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम उठाते हुए राज्य में पहली बार हाटलाइन मेंटेनेंस सिस्टम लागू करने जा रहा है। इस तकनीक के माध्यम से तारों में बिजली प्रवाहित होने के दौरान भी मरम्मत का कार्य किया जा सकेगा। 
 
इससे उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही, भुवनेश्वर के मंचेश्वर में एक नया स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (SLDC) स्थापित किया गया है, जो राज्य के पावर मैनेजमेंट के पावर हाउस के रूप में कार्य करेगा।
 

जेएफई स्टील का मेगा प्लांट और रिंग रोड

औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जापान की प्रसिद्ध कंपनी जेएफई स्टील (JFE Steel) क्योंझर में इलेक्ट्रिकल स्टील के उत्पादन के लिए एक मेगा कारखाना स्थापित करेगी। इसके अलावा जिले की कनेक्टिविटी सुधारने के लिए रिंग रोड परियोजना पर भी काम शुरू कर दिया गया है।
 

2028 तक बिजली संकट मुक्त होगा ओडिशा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2028 तक पूरे ओडिशा को बिजली संकट से मुक्त करना है। उन्होंने बताया कि राज्य में 2036 तक 34 नए ग्रिड सब-स्टेशन बनाए जाएंगे। 
 
विशेष रूप से भुवनेश्वर और जाजपुर में पहली बार 765 केवी के अत्याधुनिक ग्रिड स्थापित किए जाएंगे। इससे काफी हद तक लोगों को बिजली संकट से छुटकारा मिलेगा।