विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में एक झटके में खत्म हुए 358 पुराने कानून, विधानसभा में पास हुआ बिल; विपक्ष ने उठाए कई सवाल

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:04 PM (IST)

ओडिशा सरकार ने राज्य की कानूनी व्यवस्था में अधिक स्पष्टता लाने के उद्देश्य से 358 पुराने कानूनों को रद्द कर दिया है। 'ओडिशा निरसन अधिनियम, 2026' विधेयक विधानसभा में पारित हो गया, जिसमें 1974 से 2025 तक के कानून शामिल हैं।

ओडिशा विधानसभा में सीएम मोहन चरण माझी। फाइल फोटो

ओडिशा विधानसभा में सीएम मोहन चरण माझी। फाइल फोटो

HighLights

  1. ओडिशा सरकार ने 358 पुराने कानून रद्द किए।

  2. 'ओडिशा निरसन अधिनियम, 2026' विधेयक विधानसभा में पारित।

  3. कानूनी व्यवस्था में स्पष्टता और निश्चितता लाना उद्देश्य।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राज्य की कानूनी व्यवस्था में अधिक स्पष्टता और निश्चितता लाने के उद्देश्य से ओडिशा सरकार ने 358 पुराने कानूनों को रद कर दिया है। इनमें वे कानून शामिल हैं, जो मूल कानूनों में संशोधन के रूप में लाए गए थे या फिर अस्थायी अवधि के लिए लागू किए गए थे।

मंगलवार को विधानसभा में कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने 'ओडिशा निरसन अधिनियम, 2026' विधेयक पेश किया। इस पर विस्तृत चर्चा के बाद विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने विधेयक को पारित कर दिया।

418 कानूनों को रद करने का मिला था प्रस्ताव

विधेयक पर चर्चा के दौरान बीजद विधायक गणेश्वर बेहरा ने सवाल उठाया कि पूर्व में जिन कानूनों को किसी विशेष उद्देश्य से बनाया गया था और मूल कानूनों में समय-समय पर संशोधन किए गए थे, क्या अब उन सभी उद्देश्यों की पूर्ति हो चुकी है? यदि ऐसा नहीं है तो इन कानूनों को एक साथ रद करने का क्या औचित्य है?

विधायक रणेंद्र प्रताप स्वाईं ने कहा कि राज्य विधि आयोग को 418 कानूनों को रद करने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन सरकार ने इनमें से केवल 358 कानूनों को ही रद करने का निर्णय क्यों लिया? शेष कानूनों का क्या होगा? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि रद किए गए कानूनों का डाटाबेस कहां और किस रूप में सुरक्षित रखा जाएगा।

विधायक दिव्यशंकर मिश्र और सुनील कुमार महांती ने कहा कि यदि राज्यहित में इन कानूनों को रद करना आवश्यक है तो सरकार को ऐसा करना चाहिए।

वहीं, सत्तारूढ़ भाजपा की ओर से विधायक संतोष कुमार खटुआ, इरासिस आचार्य, विभूति भूषण प्रधान और लक्ष्मण बाग ने विधेयक का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में अप्रासंगिक और अनुपयोगी कानूनों को समाप्त करना जरूरी है। सरकार का यह कदम स्वागतयोग्य है।

1974 से 2025 तक के कानून शामिल

चर्चा का जवाब देते हुए कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि समय के साथ नीतियों में बदलाव और व्यापक नए कानूनों के निर्माण के कारण कई पुराने कानून अब किसी व्यावहारिक उद्देश्य की पूर्ति नहीं कर रहे हैं। ऐसे कानूनों को बनाए रखने का कोई औचित्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि कानूनों की पुस्तिका को सरल और तर्कसंगत बनाना, अनावश्यक कानूनी बोझ कम करना तथा राज्य की कानूनी व्यवस्था में अधिक स्पष्टता और निश्चितता लाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। निरस्त किए जाने वाले कानूनों में वर्ष 1974 से लेकर 2025 तक के कानून शामिल हैं।

मंत्री ने बताया कि इस वर्ष 9 जनवरी से 17 फरवरी के बीच विभिन्न विभागों ने 418 कानूनों को अनावश्यक बताते हुए उन्हें निरस्त करने के लिए कानून विभाग से अनुरोध किया था।

इन प्रस्तावों की समीक्षा के लिए राज्य विधि आयोग ने तीन सदस्यीय उपसमिति गठित की थी। उपसमिति की जांच और आयोग की विस्तृत समीक्षा के बाद 358 कानूनों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।