ओडिशा राज्यसभा चुनाव: उपासना महापात्र के वोट पर घमासान, नवीन पटनायक ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप
ओडिशा राज्यसभा चुनाव में भाजपा विधायक उपासना महापात्र के मतदान को लेकर विवाद गहरा गया है। नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ...और पढ़ें
-1773656706129_m.webp)
ओडिशा राज्यसभा चुनाव में बवाल। (जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में राज्यसभा चुनाव के दौरान बीजेपी विधायक उपासना मोहापात्र के मतदान को लेकर विवाद गहरा गया है।
नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने उनके वोट की वैधता पर सवाल उठाते हुए चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर आपत्ति जताई है। विवाद की जड़ उस समय पैदा हुई जब ब्रह्मगिरी की विधायक उपासना महापात्र के मतपत्र पर ओवरराइटिंग होने की बात सामने आई और उन्हें दूसरा बैलेट पेपर जारी किए जाने का आरोप लगा। इस मुद्दे को लेकर सदन में कुछ समय के लिए हंगामा भी हुआ।
वहीं, दूसरी तरफ सात से अधिक विधायकों के क्रॉस वोटिंग की सूचना मिली है। सात विधायकों में कांग्रेस से तीन, बीजू जनता दल से चार विधायक शामिल हैं।
नवीन पटनायक ने कहा-नियमों का हुआ उल्लंघन
नवीन पटनायक ने कहा कि मतदान के दौरान हुई गलती के बावजूद संबंधित अधिकारी ने उनका वोट स्वीकार कर लिया, जो चुनाव नियमों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि ब्रह्मगिरी की महिला विधायक ने मतदान के दौरान स्पष्ट गलती की थी, लेकिन मतदान कक्ष में मौजूद प्रभारी अधिकारी ने अवैध तरीके से उनका वोट स्वीकार कर लिया। उन्हें दूसरा बैलेट पेपर भी दिया गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। हम इसका कड़ा विरोध करते हैं।
पटनायक ने इस घटना को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए चुनाव अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
बीजेपी ने किया बचाव
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी नेता सरोज पाढ़ी ने कहा कि उपासना महापात्र का वोट पूरी तरह नियमों के अनुसार है और इसमें कोई गड़बड़ी नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि अगर कोई विधायक मतदान के दौरान नया बैलेट पेपर मांगता है तो पीठासीन अधिकारी उसे दे सकते हैं, बशर्ते मतपत्र किसी को दिखाया न गया हो। उपासना महापात्र ने सीधे अधिकारी से नया बैलेट मांगा था, इसलिए उनका वोट पूरी तरह वैध है।
मतदान के दौरान पेन खराब होने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार मतदान करते समय उपासना महापात्र की पेन में समस्या आ गई, जिससे मतपत्र पर ओवरराइटिंग हो गई। मतपत्र रद होने की आशंका के कारण उन्होंने दूसरा बैलेट पेपर मांगा, जिसका बीजद और कांग्रेस ने विरोध किया।
अब यह मामला सत्तारूढ़ बीजेपी और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव का रूप ले चुका है और राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- Rajya Sabha Election 2026 Live: ओडिशा में राज्यसभा चुनाव के दौरान BJD और BJP विधायकों में झड़प, क्रॉस वोटिंग की आशंका
