ओडिशा पुलिस ने नुआपड़ा बॉर्डर किया सील
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए नुआपड़ा सीमा को सील कर दिया गया है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए ओडिशा पुलिस ने छत्तीसगढ़ से सटी नुआपड़ा सीमा को सील कर दिया है। इस मार्ग पर आने आने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस ने राज्य की सीमा से शराब की आपूर्ति और रुपया सहित अन्य सामग्री भेजने पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया है। इस पर नुआपड़ा जिला पुलिस ने अभी से नजर रखनी शुरू कर दी है।
दोनों राज्यों की सीमा सील कर देने के साथ इलाके में हाई अलर्ट भी जारी किया गया है। नुआपड़ा जिले से सटी छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे राज्य के पांच अन्य थानों में भी पड़ोसी राज्य जाने वाले मार्ग को सील कर 24 घंटे आवागमन पर नजर रखी जा रही है, वाहनों की तलाशी ली जा रही है। नुआपड़ा जिला के सीनापाली, धरमबंधा, नुआपड़ा, बेलटुकुरी, जोंक थाना के इलाके छत्तीसगढ़ सीमा को से लगा हुआ है।
आगामी 12 नवंबर को छत्तीसगढ़ में चुनाव है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव जैसे जैसे नजदीक आ रहा है, सीमा पर सरगर्मी बढ़ गई है। चुनावी माहौल के साथ अपने चाहने वालों को हर प्रकार से मदद करने के लिए शताधिक गाड़ियों का आवागमन सीमा इस पार से उस पार बढ़ गया है। रुपया, शराब या असामाजिक व्यक्ति एवं माओवादियों की गतिविधि को नियंत्रित करने के लिए नुआपड़ा जिला पुलिस पहले से ही सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। चुनाव आयोग के निर्देश पर एसपी स्मित परमार ने सीमा से लगे थाना इलाके में पुलिस बल लगाकर रास्तों को सील करवा दिया है।
हालांकि इसके बावजूद वाहनों का आवागमन बढ़ गया है। हर दिन सुबह एवं शाम को विशेष पुलिस का दस्ता वाहनों की जांच कर रहा है। नुआपड़ा के एसडीपीओ विद्युत चन्द्र पंडा ने कहा है कि सीमा को सील कर दिया गया है। किसी भी प्रकार के असामाजिक कार्यकलाप पर ओडिशा की नुआपड़ा जिला पुलिस पैनी नजर रख रही है। चुनाव की तिथि जैसे जैसे नजदीक आ रही है, पुलिस अपनी सतर्कता को और बढ़ा रही है।