ओडिशा में 2029 का 'सेमीफाइनल': BJP का दो-तिहाई सीटों का दावा, BJD बोली- मुंगेरीलाल के हसीन सपने
ओडिशा में 2027 के पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, जिसमें भाजपा, बीजद और कांग्रेस जैसे ...और पढ़ें

ओडिशा में 2029 का 'सेमीफाइनल': BJP का दो-तिहाई सीटों का दावा, BJD बोली- मुंगेरीलाल के हसीन सपने
HighLights
2027 पंचायत चुनाव को लेकर ओडिशा में राजनीतिक हलचल तेज।
भाजपा का दावा दो-तिहाई सीटें जीतने का, युवा-महिला पर फोकस।
बीजद पुराने जनाधार पर, कांग्रेस गांवों में जनसंपर्क बढ़ाएगी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में वर्ष 2027 में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर राज्य की राजनीति में अभी से सरगर्मी तेज हो गई है। गांवों में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। सत्तारूढ़ भाजपा का विशेष फोकस युवा और महिला मतदाताओं पर है।
पार्टी की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने आगामी पंचायत चुनाव में दो-तिहाई सीटों पर जीत हासिल करने का दावा किया है। हालांकि, भाजपा के इस दावे को लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सवाल यह भी उठ रहा है कि भाजपा की इस रणनीति का मुकाबला करने के लिए बीजद और कांग्रेस की क्या तैयारी है?
विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बाद अब सभी राजनीतिक दलों की नजर गांवों की सत्ता पर है। पंचायत चुनाव जमीनी स्तर पर राजनीतिक ताकत दिखाने का सबसे बड़ा मंच माना जाता है।
यही वजह है कि चुनाव में अभी कुछ महीने का समय शेष रहने के बावजूद सभी दलों ने संगठन को दुरुस्त करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की कवायद शुरू कर दी है।
भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई
राज्य में सरकार बनाने के बाद भाजपा पहली बार पंचायत चुनाव का सामना करेगी। ऐसे में पार्टी के लिए यह चुनाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसे देखते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता संगठन को मजबूत करने के लिए मैदान में उतर चुके हैं। पार्टी की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी और सह प्रभारी स्वदेश सिंह लगातार संगठनात्मक बैठकें कर रहे हैं।
दोनों प्रभारी जिलावार दौरे कर रहे हैं। जिला स्तर पर बैठकों के साथ जमीनी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन की स्थिति की समीक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पार्टी की रणनीति गांवों तक अपनी पहुंच बढ़ाने और युवा व महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने की है।
इसी बीच भाजपा प्रदेश प्रभारी ने आगामी पंचायत चुनाव में दो-तिहाई सीटों पर जीत हासिल करने का दावा किया है। उन्होंने बताया कि अब तक 15 जिलों का दौरा कर विभिन्न संगठनात्मक बैठकें की गई हैं और चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की गई है।
सह प्रभारी स्वदेश सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री के आदर्शों से प्रेरित होकर देश के युवा, महिलाएं और समाज के विभिन्न वर्ग भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं। युवा, महिला, आदिवासी समेत सभी वर्गों का समर्थन पार्टी को मिल रहा है।
पुराने जनाधार के सहारे मैदान में उतरेगी बीजद
दूसरी ओर, बीजद के लिए भी पंचायत चुनाव कई मायनों में अहम है। 24 वर्षों तक राज्य में शासन करने और ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पुरानी राजनीतिक पकड़ के सहारे पार्टी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की जनसभाएं, जिलों का दौरा और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद पार्टी की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
हाल में नवीन पटनायक का गंजाम दौरा भी पार्टी के पुराने गढ़ में जनसमर्थन दोबारा हासिल करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा प्रदेश प्रभारी के दो-तिहाई सीटें जीतने के दावे पर बीजद ने तंज कसते हुए इसे 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने' करार दिया है।
गांवों में जनसंपर्क बढ़ाएगी कांग्रेस
कांग्रेस भी पंचायत चुनाव को लेकर अपनी रणनीति तैयार करने में जुटी है। पार्टी का जोर राजधानी में विरोध-प्रदर्शन करने के बजाय गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं समझने पर है।
पंचायत चुनाव से पहले दलित, आदिवासी, महिला, युवा और अनुभवी नेताओं के बीच समन्वय स्थापित कर संगठन को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, भाजपा का कहना है कि राज्य की करीब ढाई वर्ष पुरानी सरकार सभी वर्गों के हित में काम कर रही है। ऐसे में जनता पंचायत चुनाव में भी भाजपा पर भरोसा जताएगी।
2029 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल
राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में वर्ष 2027 का पंचायत चुनाव वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। राज्य में 6,700 से अधिक ग्राम पंचायतों, 314 पंचायत समितियों और 852 जिला परिषद जोन में चुनाव होने हैं।
ऐसे में इन चुनावों के नतीजे यह तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे कि ग्रामीण ओडिशा में किस राजनीतिक दल का संगठन कितना मजबूत है और जनता का भरोसा किसके साथ है। गांवों में राजनीतिक दलों की ताकत और उनके प्रति जनसमर्थन की असली तस्वीर ग्रामीण मतदाता ही सामने लाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।