विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा के 16 जिलों में खुलीं 500 रोबोटिक्स लैब, 5 साल में 1.5 लाख छात्रों को तकनीकी शिक्षा देने का टारगेट

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:22 PM (IST)

ओडिशा सरकार ने 16 जिलों में 500 रोबोटिक्स लैब स्थापित की हैं, जिसका लक्ष्य अगले पांच वर्षों में 1.5 लाख स्कूली विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीक से जोड़ना है।

ओडिशा के 16 जिलों में खुलीं 500 रोबोटिक्स लैब (AI Generated Image)

ओडिशा के 16 जिलों में खुलीं 500 रोबोटिक्स लैब (AI Generated Image)

HighLights

  1. ओडिशा में 16 जिलों में 500 रोबोटिक्स लैब स्थापित।

  2. पांच वर्षों में 1.5 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण।

  3. रोबोटिक्स, एआई, आईओटी, कोडिंग का व्यावहारिक अनुभव।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। स्कूली विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीक से जोड़ने और उनमें नवाचार की रुचि विकसित करने के लिए ओडिशा सरकार ने बड़ी पहल की है। राज्य के 16 जिलों के विद्यालयों में 500 रोबोटिक्स लैब स्थापित की गई हैं।

इस पहल के तहत अगले पांच वर्षों में 1.5 लाख विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), कोडिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और थ्रीडी प्रिंटिंग का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।

विद्यालय एवं जनशिक्षा विभाग के अधीन ओडिशा कंप्यूटर एप्लीकेशन सेंटर (ओकाक) की ओर से यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मफतलाल टेक्नोलॉजीज ने राज्य के 16 जिलों में 500 रोबोटिक्स लैब स्थापित की हैं। कंपनी वर्ष 2030-31 तक इन लैब का संचालन और प्रबंधन करेगी।

सुरभि में दिखी बच्चों की तकनीकी प्रतिभा

राज्यस्तरीय बाल महोत्सव सुरभि-2026 में कंपनी की ओर से विशेष स्टाल लगाया गया है। यहां विभिन्न रोबोटिक्स मॉडल और थ्रीडी प्रिंटिंग तकनीक का प्रदर्शन किया जा रहा है। विद्यार्थियों ने भी अपने तकनीकी कौशल और नवाचार का प्रदर्शन किया।

कंपनी के अध्यक्ष जितेंद्र प्रधान ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराने पर विशेष ध्यान दे रही है। रोबोटिक्स लैब के माध्यम से स्कूली शिक्षा में तकनीक का समावेश किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य इस सुविधा को दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाने के साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारना है, ताकि वे भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।

इन लैब में रोबोटिक्स उपकरणों के साथ शिक्षण किट और प्रायोगिक प्रदर्शन की व्यवस्था है। यहां विद्यार्थी रोशनी और आवाज नियंत्रित करने वाले रोबोट, रेखा का अनुसरण करने वाले रोबोट, आग का पता लगाने वाले रोबोट तथा वस्तुओं का पीछा करने वाले रोबोट तैयार करना और उनका संचालन करना सीख रहे हैं। इससे विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ तकनीक का व्यावहारिक अनुभव भी मिल रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।