मैट्रिक पास कर फंसे ओडिशा के हजारों छात्र! 6 महीने से ओरिजिनल सर्टिफिकेट का इंतजार, स्कॉलरशिप अटकी
ओडिशा में मैट्रिक परीक्षा परिणाम के छह महीने बाद भी हजारों छात्रों को मूल प्रमाणपत्र नहीं मिले हैं, जिससे उन्हें ...और पढ़ें

मैट्रिक के मूल प्रमाणपत्र के लिए छह महीने से इंतजार (AI Generated Image)
HighLights
मैट्रिक प्रमाणपत्रों में छह महीने की देरी से छात्र परेशान।
छात्रवृत्ति आवेदन और नामांकन में आ रही हैं दिक्कतें।
बोर्ड ने दिसंबर तक प्रमाणपत्र वितरण का दिया आश्वासन।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। मैट्रिक परीक्षा का परिणाम घोषित हुए करीब छह महीने बीत चुके हैं, लेकिन ओडिशा में हजारों विद्यार्थियों को अभी तक माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (बीएसई) की ओर से मूल प्रमाणपत्र नहीं मिल पाया है।
मूल प्रमाणपत्र के अभाव में विद्यार्थियों को कई शैक्षणिक और आधिकारिक कार्यों में परेशानी हो रही है। खासकर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल विद्यार्थी वेबसाइट से डाउनलोड की गई अंकतालिका के रंगीन प्रिंट के सहारे काम चला रहे हैं।
विडंबना यह है कि बोर्ड वर्ष 2027 की मैट्रिक परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर चुका है और नया शैक्षणिक सत्र भी आगे बढ़ रहा है, लेकिन पिछले सत्र के विद्यार्थियों को अब तक मूल प्रमाणपत्र नहीं मिल सका है।
बालेश्वर जिले के बालीपाल निवासी प्रभंजन नायक ने इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में ए-2 ग्रेड हासिल किया है। प्लस टू में नामांकन के समय उनके पास मूल प्रमाणपत्र नहीं था। ऐसे में स्कूल की ओर से जारी आचरण प्रमाणपत्र, माइग्रेशन प्रमाणपत्र और स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र के आधार पर उन्हें नामांकन कराना पड़ा।
प्रभंजन ने बताया कि बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड की गई अंकतालिका का रंगीन प्रिंट जमा किया है। मूल प्रमाणपत्र नहीं मिलने के कारण छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने में परेशानी हो रही है।
एक अन्य छात्रा प्रतिज्ञा प्रधान ने भी कहा कि प्रमाणपत्र नहीं मिलने से छात्रवृत्ति का लाभ लेने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों को अब तक केवल आचरण, माइग्रेशन और स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र मिला है। मूल प्रमाणपत्र के अभाव में छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
अभिभावक जगदीश सिंह ने बोर्ड की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मूल प्रमाणपत्र और डाउनलोड की गई अंकतालिका में काफी अंतर होता है। बोर्ड को प्रमाणपत्र जारी करने में इतनी देरी नहीं करनी चाहिए। इससे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
नामों का ओड़िया में विवरण नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने प्रमाणपत्र जारी करने में हो रही देरी स्वीकार की है। बीएसई अध्यक्ष श्रीकांत तराई ने बताया कि विद्यार्थियों के नाम ओड़िया भाषा में दर्ज करने से संबंधित रिकार्ड उपलब्ध नहीं थे। इसके लिए दोबारा स्कूलों से विवरण मंगाया गया है।
प्रमाणपत्रों में किसी तरह की त्रुटि न हो, इसके लिए विशेष सावधानी बरती जा रही है। प्रमाणपत्र ओडिशा के बाहर तैयार कराए जा रहे हैं, जिससे प्रक्रिया में और समय लग रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि नवंबर के अंत तक सभी प्रमाणपत्र तैयार हो जाएंगे। दिसंबर में संबंधित स्कूलों के माध्यम से विद्यार्थियों को मूल प्रमाणपत्र वितरित कर दिए जाएंगे। अब विद्यार्थी और अभिभावक बोर्ड के इस आश्वासन के पूरा होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।