ओडिशा: मालिगुड़ा-छतड़ीपुट के बीच भारी भूस्खलन, राउरकेला-विशाखापत्तनम मार्ग की कई ट्रेनें रद
पूर्वी तट रेलवे के रायगड़ा डिवीजन में मालिगुड़ा और छतड़ीपुट के बीच भारी भूस्खलन के कारण रेल सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं।

मालिगुड़ा-छतड़ीपुट के बीच भारी भूस्खलन (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
भूस्खलन से मालिगुड़ा-छतड़ीपुट के बीच रेल सेवाएं प्रभावित।
राउरकेला-जगदलपुर और विशाखापत्तनम-किरंदुल एक्सप्रेस रद्द।
कई ट्रेनें कोरापुट स्टेशन पर शॉर्ट-टर्मिनेट/ओरिजिनेट की गईं।
संवाद सहयोगी, संबलपुर। पूर्वतट रेलवे के रायगड़ा डिवीजन के अंतर्गत मालिगुड़ा और छतड़ीपुट स्टेशनों के बीच हुए भारी भूस्खलन के कारण रेल सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं। संबलपुर रेल मंडल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रभावित ट्रैक पर चल रहे पुनरुद्धार कार्य को सुगमता से पूरा करने के लिए कई ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है।
इसके साथ ही, कुछ अन्य ट्रेनों के रूट में बदलाव करते हुए उन्हें आंशिक रूप से रद्द कर उनकी यात्रा कोरापुट स्टेशन तक ही सीमित कर दी गई है।
राउरकेला और विशाखापत्तनम की ओर जाने वाली गाड़ियां रद
पूरी तरह से रद की गई ट्रेनों में मुख्य रूप से राउरकेला और विशाखापत्तनम की ओर जाने वाली गाड़ियां शामिल हैं। ट्रेन नंबर 18107 राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस 3 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक और ट्रेन नंबर 18108 जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस 4 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक पूरी तरह से निरस्त रहेंगी।
इसके अलावा, ट्रेन नंबर 18515 विशाखापत्तनम-किरंदुल एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 18516 किरंदुल-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस की सेवाएं भी 4 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 के बीच पूरी तरह से रद्द कर दी गई हैं।
कई ट्रेनों को कोरापुट स्टेशन पर ही शॉर्ट-टर्मिनेट
इसके अतिरिक्त, कई ट्रेनों को कोरापुट स्टेशन पर ही शॉर्ट-टर्मिनेट या शॉर्ट-ओरिजिनेट किया गया है। ट्रेन नंबर 18005 हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस (2 से 7 अक्टूबर), 18447 भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड एक्सप्रेस (3 से 7 अक्टूबर) और 58501 विशाखापत्तनम-किरंदुल एक्सप्रेस (4 से 7 अक्टूबर) अपनी यात्रा कोरापुट में ही समाप्त करेंगी।
वहीं वापसी में, ट्रेन नंबर 18006 जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (4 से 9 अक्टूबर), 18448 जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस (4 से 8 अक्टूबर) और 58502 किरंदुल-विशाखापत्तनम पैसेंजर एक्सप्रेस (4 से 7 अक्टूबर) जगदलपुर या किरंदुल के बजाय कोरापुट से ही प्रस्थान करेंगी। इन सभी ट्रेनों का परिचालन कोरापुट और जगदलपुर या किरंदुल के बीच पूरी तरह से बाधित रहेगा।
