ओडिशा आइएएस संघ ने केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान के खिलाफ की शिकायत
शिकायत में कहा गया है कि धर्मेद्र प्रधान ने सोमवार को एक सरकारी कार्यक्रम में आइटी सचिव अशोक मीना के खिलाफ टिप्पणी की।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ओडिशा आइएएस संघ ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान के खिलाफ शिकायत की है। इसमें कहा गया है कि धर्मेद्र प्रधान ने सोमवार को एक सरकारी कार्यक्रम में आइटी सचिव अशोक मीना के खिलाफ टिप्पणी की।
ज्ञात हो कि केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को अपना बता कर वाहवाही लूट रही है। सभा में ही उन्होंने आइटी सचिव अशोक मीना को कहा कि मीना साहब ऐसा मत करिए। धर्मेद्र प्रधान के इस वक्तव्य का आइएएस संघ ने विरोध किया। इसे लेकर आइएएस और राज्य प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से इसकी शिकायत की है।
आइएएस संघ के सचिव विशाल देव ने कहा है कि आइएएस अधिकारी अपना दायित्व भलीभांति निभा रहे हैं। इसके बावजूद हम पर बार-बार हमला बोला जा रहा है। केंद्रीय मंत्री के इस तरह के कार्यक्रम में आइएएस अधिकारी पर हमला बोलना निंदनीय है। केंद्रीय मंत्री की इस टिप्पणी से आइएएस अधिकारी मानसिक रूप से प्रभावित होंगे।