विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में भारी बारिश को लेकर प्रशासन का बड़ा फैसला, 25 सितंबर को 3 जिलों में स्कूल बंद

Published: Thu, 24 Sep 2026 07:06 PM (IST)

ओडिशा में लगातार भारी बारिश के कारण प्रशासन ने गजपति, कालाहांडी और नवरंगपुर जिलों में 25 सितंबर को स्कूलों की ...और पढ़ें

ओडिशा में भारी बारिश का कहर, 25 सितंबर को तीन जिलों में स्कूल बंद (AI Generated Image)

ओडिशा में भारी बारिश का कहर, 25 सितंबर को तीन जिलों में स्कूल बंद (AI Generated Image)

HighLights

  1. गजपति, कालाहांडी, नवरंगपुर में 25 सितंबर को स्कूल बंद।

  2. गहरे अवदाब से जनजीवन अस्त-व्यस्त, भूस्खलन की घटनाएं।

  3. कंधमाल और मलकानगिरी में भूस्खलन, कोरापुट में शिक्षक लापता।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने तीन जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। गजपति जिला प्रशासन ने शुक्रवार को अवकाश की घोषणा की है। 25 सितंबर को जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालय बंद रहेंगे।

इसी तरह कालाहांडी जिले में भी शुक्रवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

वहीं, नवरंगपुर जिला प्रशासन ने एहतियातन शुक्रवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त (एडेड) स्कूलों को बंद रखने के संबंध में आदेश जारी किया है।

दक्षिण ओडिशा में गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) का प्रभाव लगातार बना हुआ है। मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। कहीं पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है तो कहीं पहाड़ियों से बड़े-बड़े पत्थर गिर रहे हैं।

लगातार वर्षा के कारण कंधमाल जिले की कलिंगा घाटी के अंधारीकोट क्षेत्र में भूस्खलन हुआ है, जिससे नव निर्मित चौड़ी सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। इसके अलावा वन दुर्गा मंदिर के सामने बनाया गया नया गार्ड वॉल भी ढह गया है। इसके चलते कलिंगा घाटी में आवागमन अनिश्चितकाल के लिए पूरी तरह बंद हो गया है।

कोरापुट जिले में कोलाब की एक शाखा नदी के तेज बहाव में बह जाने से एक शिक्षक लापता हो गए हैं। वहीं, मलकानगिरी जिले की बायापड़ा घाटी में भूस्खलन के कारण कुडुमुलुगुम्मा और बायापड़ा के बीच संपर्क पूरी तरह कट गया है।

यह भी पढ़ें- Odisha Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का ओडिशा पर असर, अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट