ओडिशा पहुंचे नए राज्यपाल ब्रजमोहन राम, लोक भवन में दिया गया 'गार्ड ऑफ ऑनर', सीएम माझी भी रहे मौजूद
ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रजमोहन राम भुवनेश्वर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया।

सीएम ने किया राज्यपाल का स्वागत। (जागरण)
HighLights
राज्यपाल ब्रजमोहन राम का भुवनेश्वर पहुंचने पर हुआ स्वागत।
18 अक्टूबर को ओडिशा लोकभवन में लेंगे पद की शपथ।
शपथ ग्रहण के बाद पुरी में करेंगे जगन्नाथ दर्शन।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रजमोहन राम के भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, मंत्रिमंडल के कई सदस्यों, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी और मुख्य सचिव अनु गर्ग सहित अन्य गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
राज्यपाल के साथ झारखंड से करीब 300 अतिथि भी ओडिशा पहुंचे हैं। ब्रजमोहन राम 18 अक्टूबर को राज्यपाल पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर ओडिशा लोकभवन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

18 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे लोकभवन के नवनिर्मित अभिषेक हॉल में ओडिशा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति हरीश टंडन उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
शपथ ग्रहण के बाद महाप्रभु के दर्शन करेंगे
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक, मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, सांसद, विधायक तथा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल पुरी जाएंगे। वहां वे महाप्रभु श्री जगन्नाथ के दर्शन करेंगे। इसके बाद पुरी स्थित लोकभवन में कुछ समय बिताने का कार्यक्रम है। ओडिशा लोकभवन की ओर से यह जानकारी दी गई है।
चार दिनों तक ओडिशा में रहेंगे झारखंड से आए अतिथि
राज्यपाल के साथ झारखंड से आए अतिथि शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के साथ ही चार दिनों तक ओडिशा में रहेंगे। इसे ध्यान में रखते हुए 17 से 20 अक्टूबर तक उनके ठहरने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। भुवनेश्वर हवाई अड्डे के साथ ही भुवनेश्वर और पुरी स्थित लोकभवन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
राज्यपाल की सचिव रूपा रोशन साहू ने इस संबंध में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत कुमार शर्मा को पत्र लिखकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
पत्र में कहा गया है कि शपथ ग्रहण समारोह से लेकर अतिथियों के स्वागत-सत्कार तक सभी कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए गृह विभाग के एक अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। इस अधिकारी को लोकभवन की हाउसहोल्ड शाखा में तैनात करने का अनुरोध किया गया है।
