ओडिशा में बढ़ेगी ठिठुरन: अगले 24 घंटे में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा, कोहरे को लेकर वाहन ड्राइवरों को अलर्ट
ओडिशा में अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है, जिससे रात और सुबह की ठंड बढ़ेगी।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।
HighLights
अगले 24 घंटे में 2-3 डिग्री तापमान गिरेगा।
रात और सुबह के समय ठंड में होगी वृद्धि।
राज्य के कई हिस्सों में कोहरा छाएगा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में ठंड का असर लगातार बढ़ने वाला है। अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।
इससे रात के साथ सुबह के समय भी ठिठुरन बढ़ेगी। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आंतरिक ओडिशा के कुछ जिलों के साथ तटीय इलाकों में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने की संभावना है। तापमान में गिरावट के कारण रात और सुबह की ठंड अधिक महसूस होगी।
राजधानी भुवनेश्वर और सिल्वर सिटी कटक में भी ठंड का असर बढ़ेगा। दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। राज्य के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा।
सुबह के समय कोहरे के कारण कुछ स्थानों पर दृश्यता कम हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
विशेषकर सुबह के समय यात्रा करने वालों को कम दृश्यता के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने और सतर्क रहने की जरूरत है।