ओडिशा में बढ़ेगी ठंड, 4 डिग्री तक गिरेगा पारा; बंगाल की खाड़ी में नए चक्रवात के भी संकेत
ओडिशा में ठंड का असर बढ़ रहा है, अगले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस गिरेगा। बंगाल की खाड़ी में 29 नवंबर को कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो चक्रवात में बदल सकता है।

ओडिशा में बढ़ेगी ठंड, 4 डिग्री तक गिरेगा पारा; बंगाल की खाड़ी में नए चक्रवात के भी संकेत (AI Generated Image)
HighLights
ओडिशा में अगले दो-तीन दिनों में तापमान 2-4 डिग्री गिरेगा।
बंगाल की खाड़ी में 29 नवंबर को कम दबाव का क्षेत्र।
झारसुगुड़ा में 12.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान जताया है। इससे प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में ठंड और बढ़ेगी।
इस बीच बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर कम दबाव का क्षेत्र बनने के संकेत मिले हैं। मौसम के विभिन्न मॉडल इस संभावित सिस्टम के धीरे-धीरे मजबूत होने का अनुमान जता रहे हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार, 29 नवंबर को दक्षिण अंडमान सागर में चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है।
इसके प्रभाव से 30 नवंबर तक दक्षिण अंडमान सागर, उससे सटे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है।
मौसम के कुछ मॉडल के अनुसार, यह सिस्टम और अधिक शक्तिशाली होकर दो दिसंबर के आसपास अवदाब में तब्दील हो सकता है। हालांकि, इसके अवदाब बनने की संभावना फिलहाल कम बताई गई है। कुछ मॉडल इसके चक्रवात में बदलने के भी संकेत दे रहे हैं।
संभावित रूप से यह सिस्टम श्रीलंका और तमिलनाडु की ओर बढ़ सकता है। हालांकि, इसके आगे के रुख और तीव्रता को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
झारसुगुड़ा सबसे ठंडा, 12.6 डिग्री रहा पारा
प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। बुधवार रात झारसुगुड़ा में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
केंदुझर में 14 डिग्री, राउरकेला में 14.5 डिग्री, संबलपुर में 15.4 डिग्री, देवगढ़ में 15.2 डिग्री, कोरापुट में 15 डिग्री और नबरंगपुर में 15.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, तीन दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश का कोई अनुमान नहीं है, लेकिन अगले दो-तीन दिनों में तापमान में गिरावट से ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है।