जापान और इटली यात्रा पर सियासी संग्राम: सीएम मोहन माझी ने बैठाई जांच, भाजपा ने नवीन पटनायक से मांगे पांच सवालों के जवाब
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के विदेश दौरों के खर्च पर विवाद के बाद सीएम मोहन माझी ने जांच के आदेश दिए हैं।

जांच के दायरे में पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ-साथ सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी वीके पांडियन की विदेश यात्राएं भी शामिल की गई हैं।
HighLights
नवीन पटनायक के विदेश यात्रा खर्च पर जांच के आदेश।
आरटीआई कार्यकर्ताओं की शिकायत पर सीएम मोहन माझी का निर्णय।
भाजपा ने उठाए सवाल, बीजद ने बताया ध्यान भटकाने की कोशिश।
जासं, भुवनेश्वर। ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विदेश दौरों के खर्च को लेकर विवादों में घिर गए हैं।
जापान और इटली की यात्राओं पर सरकारी खजाने से हुए व्यय का विवरण संदिग्ध, अपारदर्शी और अधूरा होने के आरोपों के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
इस जांच के दायरे में पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ-साथ उनके करीबी सहयोगी व सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी वीके पांडियन तथा आइपीएस अधिकारी रवि कांत की वर्ष 2022-23 और 2023-24 की विदेश यात्राएं भी शामिल की गई हैं।
आरटीआइ कार्यकर्ताओं की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
जानकारी के अनुसार, राज्य के विभिन्न सामाजिक और सूचना के अधिकार (आरटीआइ) कार्यकर्ताओं ने इन विदेश यात्राओं के खर्च को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोप है कि आरटीआइ के तहत मिली जानकारी में जापान और इटली दौरों पर हुए खर्च का ब्योरा अस्पष्ट और अधूरा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यात्राओं से जुड़े विवरण को जानबूझकर गोपनीय रखने के कारण सरकारी रिकॉर्ड में गंभीर विसंगतियां उजागर हुई हैं।
भाजपा ने दागे पांच सवाल, बिल सार्वजनिक करने की मांग
इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नवीन पटनायक पर सीधा हमला बोलते हुए उनसे सभी यात्राओं के बिल और दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है।
भाजपा ने पांच प्रमुख सवाल उठाए हैं- पहला, रोम में उन्होंने ओडिशा के हित में कौन-कौन से कार्य किए? दूसरा, इटली यात्रा की पूर्व सूचना भारतीय दूतावास को क्यों नहीं दी गई? तीसरा, सरकारी पर्यटन निगम की सुविधा होने के बावजूद निजी एजेंसी की सेवाएं क्यों ली गईं? चौथा, आरटीआइ से प्राप्त विवरण और सरकारी रिकॉर्ड में कथित अंतर कैसे आया? और पांचवां, इन यात्राओं पर सरकारी खजाने से कुल कितनी राशि खर्च हुई तथा इससे राज्य को क्या ठोस लाभ मिला?
नवीन पटनायक का पलटवार, बीजद ने बताया ध्यान भटकाने की कोशिश
दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें झूठा करार दिया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में बेहद सीमित विदेश यात्राएं की हैं।
उनका एकमात्र उद्देश्य ओडिशा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर काम करना था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन निराधार आरोपों का उचित समय पर जवाब दिया जाएगा।
वहीं, बीजू जनता दल (बीजद) ने राज्य सरकार की इस जांच को असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है। बीजद का कहना है कि मुख्यमंत्री, मंत्री या सांसदों की किसी भी विदेश यात्रा के कार्यक्रम की पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय द्वारा गहन जांच की जाती है।
केंद्र की अनुमति मिलने के बाद ही कोई यात्रा संभव होती है, ऐसे में निजी या अनियमित यात्राओं की कोई गुंजाइश ही नहीं रहती।