कटक हॉस्पिटल अग्निकांड की होगी न्यायिक जांच, PM मोदी और CM माझी ने मुआवजे का किया एलान
मुख्यमंत्री ने कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में अग्निकांड की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों ...और पढ़ें
HighLights
मुख्यमंत्री ने अग्निकांड की न्यायिक जांच के आदेश दिए।
मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की सहायता मिलेगी।
एससीबी मेडिकल कॉलेज आग में 10 मरीजों की मौत।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड की घटना की विभागीय/न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही आग लगने की इस घटना में जिन लोगों की मृत्यु हुई है, उनके प्रत्येक निकटतम परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 लाख रुपये की अनुकम्पा सहायता देने की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने ICU से स्थानांतरित किए गए अन्य मरीजों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।
पीएम ने भी किया एलान
-1773638521039.jpg)
PM मोदी ने कटक के SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ट्रॉमा केयर ICU में आग लगने की घटना में, प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए PMNRF से 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
सुबह-सुबह ओडिशा में हादसा
ज्ञात हो कि आज तड़के श्रीराम चंद्र भंज (SCB) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भीषण आग लगने की घटना हुई। यह हृदयविदारक हादसा अस्पताल के एक वार्ड में हुआ, जिसमें प्राथमिक सूचना के अनुसार 10 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 5 मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना की जानकारी पुलिस कमिश्नर ने दी।

बताया जा रहा है कि देर रात जब अस्पताल में मरीज और उनके परिजन सो रहे थे, उसी समय अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद स्थिति तेजी से नियंत्रण से बाहर हो गई और मरीजों में अफरा-तफरी मच गई।
आग पर काबू पाने का प्रयास
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल कर्मचारियों और अग्निशमन विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। अस्पताल की अपनी फायर यूनिट सबसे पहले मौके पर पहुंची, इसके बाद बाहर से तीन दमकल गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
धुआं और आग फैलने के कारण कई मरीजों को गंभीर नुकसान हुआ। ICU में भर्ती गंभीर मरीजों को तुरंत दूसरे वार्ड में स्थानांतरित किया गया। अधिक गंभीर मरीजों को अस्पताल के न्यू मेडिसिन ICU में शिफ्ट किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
