2104 करोड़ के सिगरेट पी गए ओडिशा के लोग, 319 करोड़ से अधिक मिला एसजीएसटी; विधानसभा में चौंकाने वाला खुलासा
ओडिशा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 2,103.96 करोड़ रुपये की सिगरेट बिकी, जिससे राज्य सरकार को 319.54 करोड़ रुपये का एसजीएसटी राजस्व प्राप्त हुआ।

प्रतीकात्मक तस्वीर।(AI Generated Image)
HighLights
ओडिशा में 2103.96 करोड़ रुपये की सिगरेट बिकी।
राज्य को 319.54 करोड़ रुपये का एसजीएसटी मिला।
सिगरेट पर जीएसटी दर बढ़कर 40 प्रतिशत हुई।
जासं, भुवनेश्वर। ओडिशा में सिगरेट की खपत और उससे जुड़े राजस्व का एक बड़ा आंकड़ा सामने आया है। राज्य में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान लोगों ने 2,103.96 करोड़ रुपये के सिगरेट खरीदे।
इसका अर्थ है कि प्रदेश में हर दिन औसतन लगभग 5.76 करोड़ रुपये के सिगरेट की बिक्री हुई। इस कारोबार से राज्य सरकार को 319.54 करोड़ रुपये का राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विधानसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से यह जानकारी साझा की।
जीएसटी दर में बदलाव और क्षतिपूर्ति उपकर समाप्त
सरकारी जानकारी के अनुसार, एक जुलाई 2017 को जीएसटी लागू होने के बाद से 31 जनवरी 2026 तक सिगरेट पर 28 प्रतिशत जीएसटी प्रभावी था।
इसमें 14 प्रतिशत एसजीएसटी और 14 प्रतिशत सीजीएसटी शामिल था, जिसके साथ जीएसटी क्षतिपूर्ति उपकर भी वसूला जाता था।
हालांकि, 56वीं जीएसटी परिषद की सिफारिशों के आधार पर एक फरवरी 2026 से सिगरेट पर जीएसटी दर बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दी गई।
इसमें 20 प्रतिशत एसजीएसटी और 20 प्रतिशत सीजीएसटी शामिल है। इसके साथ ही क्षतिपूर्ति उपकर को समाप्त कर दिया गया है।
एचएसएन कोड 2402 और कर गणना की व्यवस्था
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि जीएसटी प्रणाली के अंतर्गत सिगरेट की बिक्री का आकलन एचएसएन कोड 2402 के तहत किया जाता है, लेकिन ब्रांडवार बिक्री के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं।
सिगरेट पर जीएसटी के अतिरिक्त केंद्र सरकार द्वारा मूल उत्पाद शुल्क और राष्ट्रीय आपदा आकस्मिक शुल्क (एनसीसीडी) भी लगाया जाता है।
नई कर व्यवस्था के तहत खुदरा बिक्री मूल्य (आरएसपी) के आधार पर जीएसटी की गणना की जाती है और इसकी जिम्मेदारी निर्माता स्तर पर तय की गई है, ताकि कर चोरी रोकी जा सके और राजस्व को होने वाले संभावित नुकसान को कम किया जा सके।
अर्थव्यवस्था और जनस्वास्थ्य से जुड़े सवाल
एक ओर यह आंकड़ा राज्य में सिगरेट के व्यापक बाजार और उससे मिलने वाले कर राजस्व को दर्शाता है, वहीं दूसरी ओर तंबाकू उत्पादों के सेवन से जुड़ी जनस्वास्थ्य की चुनौतियों को लेकर भी गंभीर विमर्श को जन्म देता है।