ओडिशा: चिकिटी विधायक का विवादित वीडियो AI से तैयार करने का आरोप, पत्नी ने दर्ज कराई FIR
ओडिशा के चिकिटी से भाजपा विधायक मनोरंजन ध्यान सामंतराय के एक कथित वायरल वीडियो पर विवाद गहरा गया है। उनकी ...और पढ़ें

वायरल वीडियो का स्क्रीनग्रैब।
HighLights
चिकिटी विधायक मनोरंजन ध्यान सामंतराय का कथित वीडियो वायरल।
पत्नी ने वीडियो को एआई-जनित और फर्जी बताया।
पुलिस में शिकायत दर्ज, जांच और कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा की राजनीति में चिकिटी से भाजपा विधायक मनोरंजन ध्यान सामंतराय का एक कथित वीडियो (Odisha BJP MLA Viral Video) इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में विधायक को छत्रपुर के भाजपा विधायक कृष्ण चंद्र नायक का कान काटते हुए दिखाया गया है। वीडियो को लेकर प्रदेश की राजनीति में विवाद गहराने के साथ ही अब नया मोड़ आ गया है।
मनोरंजन ध्यान सामंतराय की पत्नी मीना ध्यान सामंतराय ने वीडियो को फर्जी बताते हुए इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार किया गया वीडियो करार दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पति की छवि खराब करने के उद्देश्य से वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया है।
मीना ध्यान सामंतराय ने एक डिजिटल मीडिया संस्थान की ओर से जारी वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि यही घटना का वास्तविक वीडियो है। इसमें चिकिटी विधायक मंत्री गोुकुलानंद मल्लिक के बयान को ध्यानपूर्वक सुनते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि चिकिटी बीजद के सोशल मीडिया हैंडल से एआई की मदद से तैयार कथित फर्जी वीडियो प्रसारित कर विधायक को बदनाम करने की कोशिश की गई है।
जेरडा थाने में शिकायत, एसपी से कार्रवाई की मांग
विधायक की पत्नी ने इस मामले में जेरडा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने वीडियो की सत्यता की जांच कर वास्तविकता सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही बरहमपुर के एसपी से इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
दूसरी ओर, बीजद ने भी वीडियो की सत्यता की जांच कराने की मांग की है। पिछले विधानसभा चुनाव में चिकिटी सीट से बीजद प्रत्याशी रहे चिन्मयानंद देव ने कहा है कि जांच के बाद सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। यदि वीडियो सही है तो चिकिटी विधायक को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विधायक को खुद सामने आकर सच्चाई स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि लोगों के बीच अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा न हो।
13 नवंबर की प्रेसवार्ता का बताया जा रहा वीडियो
दरअसल, यह पूरा विवाद 13 नवंबर को राज्य के मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री तथा पोलसरा विधायक गोुकुलानंद मल्लिक की प्रेसवार्ता के दौरान सामने आए वीडियो से जुड़ा है। प्रेसवार्ता में मंत्री पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
उस समय चिकिटी विधायक मनोरंजन ध्यान सामंतराय उनके पीछे खड़े थे। वहीं छत्रपुर विधायक कृष्ण चंद्र नायक भी मौजूद थे। इसी दौरान वायरल हुए वीडियो में मनोरंजन ध्यान सामंतराय को कथित तौर पर कृष्ण चंद्र नायक का कान काटते हुए दिखाया गया।
हालांकि, पूरे विवाद पर अभी तक विधायक मनोरंजन ध्यान सामंतराय या प्रदेश भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
उल्लेखनीय है कि मनोरंजन ध्यान सामंतराय ने गंजाम जिले की चिकिटी विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव जीते हैं।
उन्होंने पांच बार की बीजद विधायक उषा देवी को पराजित कर यह सीट भाजपा के खाते में डाली थी। खास बात यह है कि इस विवाद के सामने आने से महज दो दिन पहले ही उन्होंने गंजाम जिले के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए अपना एक महीने का वेतन दान किया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।