SIR विवाद के बीच ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिया इस्तीफा, प्रशासनिक गलियारों में मचा हड़कंप
ओडिशा कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आर. संतगोपालन ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पद से इस्तीफा दे दिया है। यह ...और पढ़ें

आर. संतगोपालन ने दिया इस्तीफा
HighLights
वरिष्ठ आईएएस आर. संतगोपालन ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी पद छोड़ा।
मतदाता सूची पुनरीक्षण विवाद के बीच अचानक इस्तीफा दिया।
प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल, चर्चाएं तेज।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा कैडर के 2001 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तथा राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. संतगोपालन ने सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्य सचिव को सौंप दिया है। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने आईएएस अधिकारियों के विभिन्न व्हाट्सएप समूहों से भी स्वयं को अलग कर लिया।
संतगोपालन के इस्तीफे की आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है। उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। ऐसे समय में जब राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक विवाद जारी है, मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पद पर कार्यरत अधिकारी का अचानक इस्तीफा देना कई सवाल खड़े कर रहा है।
कार्यकाल के अभी लगभग 22 महीने शेष
तमिलनाडु मूल के आर. संतगोपालन जुलाई 2028 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनके कार्यकाल के अभी लगभग 22 महीने शेष थे। वर्तमान में वह मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ आबकारी विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त दायित्व भी संभाल रहे थे। इससे पहले वह सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण (एसएसईपीडी) विभाग के सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
उनके इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। राज्य सरकार या कार्मिक विभाग की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जगमोहन मीणा ने भी अपने पद से इस्तीफा दिया
उल्लेखनीय है कि हाल ही में ओडिशा कैडर के आईपीएस अधिकारी जगमोहन मीणा ने भी अपने पद से इस्तीफा दिया था। उस मामले की चर्चा अभी समाप्त भी नहीं हुई थी कि अब एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के इस्तीफे ने सत्ता और प्रशासनिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
