शादी के कुछ घंटों बाद 'अपहरण' का ड्रामा! नवविवाहिता ने प्रेमी संग रची साजिश, पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा
ओडिशा के सुवर्णपुर जिले में एक नवविवाहिता के कथित अपहरण का मामला प्रेमी के साथ मिलकर रची गई साजिश निकला। ...और पढ़ें

नवविवाहिता ने प्रेमी संग रची साजिश, पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अनुगुल। ओडिशा के सुवर्णपुर जिला में कथित दुल्हन अपहरण कांड ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। जिस घटना को पहले बंदूक की नोक पर हाईवे से दुल्हन के अपहरण के रूप में देखा जा रहा था, अब पुलिस जांच में वह प्रेमी के साथ मिलकर रचा गया ‘ड्रामा’ निकला।
अधिकारियों के अनुसार, नवविवाहिता ने शादी के कुछ ही घंटों बाद अपने प्रेमी की मदद से अपने ही अपहरण की साजिश रची।
सुबह शादी, लौटते वक्त हाईवे पर ‘वारदात’:
जानकारी के मुताबिक, बलांगीर जिला के कामाख्या नगर निवासी हरिबंधु पटेल उर्फ रिंकू की शादी बौध जिला के बंधपाली गांव की रश्मी से हुई थी। शादी के बाद दोनों उसी दिन सुबह घर लौट रहे थे।
जब उनकी कार तरभा थाना क्षेत्र के नुअबंधा के पास पहुंची, तो कथित तौर पर एक सफेद मारुति कार ने उनका रास्ता रोक लिया। दूल्हे ने बाद में पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी को उसके पूर्व प्रेमी ने हथियार के बल पर जबरन अगवा कर लिया और उसे सड़क किनारे छोड़ दिया गया।
अपहरण का केस दर्ज, फिर शुरू हुई गहन जांच:
दूल्हे की शिकायत पर तरभा थाने में मामला दर्ज कर इसे अपहरण मानते हुए जांच शुरू की गई। पुलिस ने संबंधित पक्षों से पूछताछ की, कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान कई तथ्यों में विरोधाभास सामने आए। पुलिस को संदेह हुआ कि मामला उतना सीधा नहीं है, जितना दिख रहा है।
पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा:
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में यह सामने आया कि कथित अपहरण पूर्व नियोजित था। नवविवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर यह पूरी कहानी रची थी। हाईवे पर गाड़ी रुकवाने और ‘अपहरण’ का नाटक उसी योजना का हिस्सा था।
सूत्रों के मुताबिक, महिला शादी से खुश नहीं थी और अपने प्रेमी के साथ जाना चाहती थी। इसी वजह से इस पूरी घटना को अंजाम दिया गया।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी:
पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और साजिश रचने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
इस खुलासे के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। जो घटना सुबह तक सनसनीखेज अपहरण मानी जा रही थी, वह शाम तक प्रेम प्रसंग और साजिश की कहानी बन गई।
शादी के कुछ घंटों बाद ही रचा गया ‘अपहरण कांड’ अब प्रेम प्रसंग की साजिश बनकर सामने आया है। सवाल यह है कि क्या इस तरह के झूठे मामलों पर सख्त कार्रवाई होगी ताकि पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग न हो?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।