ओडिशा विधानसभा में पहले ही दिन भारी बवाल, कोटिया विवाद और चक्रवात पर BJD-कांग्रेस का हल्लाबोल
ओडिशा विधानसभा का शीतकालीन सत्र हंगामे के साथ शुरू हुआ, जहां कांग्रेस ने कोटिया विवाद और बीजद ने चक्रवात अर्णव से निपटने में सरकार की विफलता को लेकर प्रदर्शन किया।
-1794983469897_m.webp)
ओडिशा विधानसभा में पहले ही दिन भारी बवाल
HighLights
कांग्रेस ने कोटिया सीमा विवाद पर सरकार को घेरा।
बीजद ने चक्रवात अर्णव से निपटने में विफलता उठाई।
हंगामे के कारण विधानसभा कार्यवाही अपराह्न तक स्थगित हुई।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत बुधवार को हंगामे के साथ हुई। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी कांग्रेस और बीजू जनता दल (बीजद) के विधायक सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सदन के मध्य भाग में पहुंच गए।
कांग्रेस विधायकों ने कोटिया विवाद को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जबकि बीजद विधायकों ने हाल ही में आए चक्रवात अर्णव से निपटने में राज्य सरकार की विफलता को मुद्दा बनाया।
दोनों दलों के विधायक हाथों में प्लेकार्ड लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते रहे। विपक्ष के हंगामे और लगातार नारेबाजी के कारण विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी को सदन की कार्यवाही अपराह्न चार बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
इससे पहले शीतकालीन सत्र की शुरुआत मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की ओर से शोक प्रस्ताव पेश करने के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने सदन में पूर्व मंत्री एवं दिवंगत जनप्रतिनिधियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
साथ ही हाल ही में चक्रवात अर्णव के दौरान जान गंवाने वाले 10 लोगों के प्रति भी गहरी शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।
नवीन पटनायक ने भी जताई संवेदना
मुख्यमंत्री के शोक प्रस्ताव के बाद नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने चक्रवात अर्णव के प्रभाव से 10 लोगों की मौत पर भी दुख व्यक्त किया।
कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र काडम ने भी दिवंगत जनप्रतिनिधियों और भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की। इसके बाद माकपा विधायक दल के नेता ने भी शोक व्यक्त किया।
विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने पूर्व मंत्री स्वर्गीय रासबिहारी बेहरा और विधायक स्वर्गीय कान्हू चरण नायक सहित चक्रवात के दौरान भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों के निधन पर सदन की ओर से शोक प्रस्ताव रखा।
सदन ने सर्वसम्मति से शोक प्रस्ताव स्वीकार किया। इसके बाद अध्यक्ष के आह्वान पर सभी सदस्यों ने खड़े होकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोक प्रस्ताव के बाद शुरू हुआ राजनीतिक टकराव
शोक प्रस्ताव की कार्यवाही पूरी होने के बाद जैसे ही सदन की नियमित कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सदस्यों ने सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरना शुरू कर दिया। कांग्रेस और बीजद के विधायक अपनी-अपनी मांगों और आरोपों को लेकर सदन के मध्य भाग में पहुंच गए।
कांग्रेस ने कोटिया सीमा विवाद को लेकर सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए। वहीं बीजद विधायकों ने चक्रवात अर्णव के दौरान राहत, बचाव और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर सरकार को घेरा।
विपक्षी सदस्यों ने हाथों में प्लेकार्ड लेकर नारेबाजी की और सरकार से जवाब मांगा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने बार-बार विपक्षी विधायकों से अपनी-अपनी सीटों पर लौटने और सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने देने का अनुरोध किया।
उन्होंने सदस्यों से संसदीय परंपराओं का पालन करने तथा सदन में चर्चा के माध्यम से अपनी बात रखने की अपील की। हालांकि विपक्षी विधायक अपनी मांगों पर अड़े रहे और सदन के मध्य भाग में लगातार नारेबाजी करते रहे।
लगातार हंगामे और शोर-शराबे के कारण सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाना मुश्किल हो गया। स्थिति को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही अपराह्न चार बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी।
31 दिसंबर तक चलेगा शीतकालीन सत्र
उल्लेखनीय है कि ओडिशा विधानसभा का शीतकालीन अधिवेशन 31 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान कुल 33 कार्यदिवस निर्धारित किए गए हैं। सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर टकराव की संभावना है।
कोटिया सीमा विवाद, चक्रवात अर्णव से हुए नुकसान, राहत एवं पुनर्वास कार्य तथा राज्य सरकार की आपदा प्रबंधन व्यवस्था जैसे मुद्दे सदन में प्रमुखता से उठ सकते हैं। शुरुआती दिन ही विपक्ष के आक्रामक तेवर से स्पष्ट हो गया है कि आगामी दिनों में सदन की कार्यवाही काफी हंगामेदार रह सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।