विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटक में बनेगा देश का बड़ा डाटा सेंटर पार्क, अडाणी समूह करेगा 1.04 लाख करोड़ रुपये का निवेश

Published: Sat, 26 Sep 2026 05:18 PM (IST)

ओडिशा ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में ₹1.42 लाख करोड़ से अधिक के चार प्रमुख डाटा सेंटर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. ₹1.42 लाख करोड़ से अधिक के चार डाटा सेंटर व AI प्रोजेक्ट मंजूर।

  2. अडाणी समूह कटक में ₹1.04 लाख करोड़ का डाटा सेंटर पार्क बनाएगा।

  3. ओडिशा पूर्वी भारत का प्रमुख डाटा सेंटर और AI हब बनेगा।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा ने डिजिटल अर्थव्यवस्था में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय स्वीकृति प्राधिकरण (एचएलसीए) की बैठक में अडाणी समूह, एचसीएलटेक और अन्य कंपनियों की चार प्रमुख डाटा सेंटर एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं में कुल 1.42 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है।

सबसे बड़ा निवेश अडाणी समूह की सहायक कंपनी हाई डेंसिटी डाटा सेंटर लिमिटेड का है। कंपनी कटक के नाराज क्षेत्र में 1.04 लाख करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत डाटा सेंटर पार्क स्थापित करेगी।

इसके लिए राज्य सरकार ने करीब 250 एकड़ भूमि चिह्नित की है। प्रस्तावित परिसर की क्षमता एक गीगावाट होगी। इसे देश के सबसे बड़े डाटा सेंटर निवेशों में शामिल माना जा रहा है।

डिजिटल मानचित्र पर पहचान

जानकारों के अनुसार, डिजिटल सेवाओं, क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डाटा स्टोरेज की बढ़ती मांग को देखते हुए देशभर में बड़े डाटा सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। ऐसे में ओडिशा को मिला यह निवेश राज्य को राष्ट्रीय डिजिटल मानचित्र पर नई पहचान दिला सकता है।

एचसीएलटेक को खोरधा में 14,257 करोड़ रुपये के निवेश से एआई-अनुकूलित डाटा सेंटर स्थापित करने की मंजूरी मिली है। यह परियोजना भारतीय एआई कंपनी सर्वम एआई के सहयोग से विकसित होगी।

वहीं, मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड तथा जीवीपीआर इंजीनियर्स लिमिटेड के संयुक्त उद्यम सेंट्राफोर्ज एआई को पुरी में 22,634 करोड़ रुपये के निवेश से संप्रभु एआई परिसर और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने की अनुमति दी गई है। इसकी क्षमता 120 मेगावाट होगी।

इसके अतिरिक्त आरकेडी कंस्ट्रक्शन को कटक जिले में 1,500 करोड़ रुपये की डाटा सेंटर परियोजना लगाने की मंजूरी दी गई है।

राज्य सरकार ने भुवनेश्वर के निकट इन्फो वैली क्षेत्र के पास टांगीपाड़ा में लगभग 140 एकड़ भूमि को डाटा सेंटर हब के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। यहां एचसीएलटेक और सेंट्राफोर्ज की परियोजनाओं के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

सरकार का मानना है कि इन निवेशों से राज्य में उच्च तकनीक आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा ओडिशा पूर्वी भारत के प्रमुख डाटा सेंटर और एआई गंतव्य के रूप में उभरेगा।

यह भी पढ़ें- झारखंड-ओडिशा समेत 5 राज्यों के रेल यात्री होंगे प्रभावित, नॉन-इंटरलॉकिंग काम के चलते 104 ट्रेनें रद