ओडिशा में 10वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का मौका, OUSSSC ने 7268 पदों पर निकाली भर्ती
ओडिशा यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (OUSSSC) ने पुलिस और अग्निशमन सेवाओं में 7,268 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है।
-1792812950752_m.webp)
एआई से बनाई गई तस्वीर
HighLights
ओडिशा में पुलिस, अग्निशमन सेवाओं में 7,268 पदों पर भर्ती।
OUSSSC द्वारा संयुक्त वर्दीधारी सेवा भर्ती परीक्षा-2026 आयोजित होगी।
विभिन्न पदों के लिए एक ही परीक्षा से मिलेगी नियुक्ति।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में पुलिस और अग्निशमन सेवाओं में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। ओडिशा यूनिफॉर्म्ड सर्विसेज स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (ओयूएसएसएससी) ने संयुक्त वर्दीधारी सेवा भर्ती परीक्षा-2026 के तहत 7,268 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है।
23 अक्टूबर को जारी विज्ञापन के अनुसार, विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों को संयुक्त परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इससे उम्मीदवारों को अलग-अलग पदों के लिए पृथक परीक्षाओं में शामिल होने की परेशानी कम होगी।
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 01-CRE-2026/OUSSSC के तहत कांस्टेबल (सिविल), कांस्टेबल (कम्युनिकेशन), कांस्टेबल (ओआइएसएफ), फायरमैन, फायर सर्विसेज ड्राइवर, अग्नियोधा, ट्रैफिक कांस्टेबल और ड्राइवर पीएमटी समेत विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। यह परीक्षा स्नातक से नीचे के स्तर के पदों के लिए आयोजित होगी।
आयोग ने योग्य और इच्छुक अभ्यर्थियों को भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट ousssc.odisha.gov.in देखने की सलाह दी है।
वेबसाइट पर पदों का विवरण, शैक्षणिक योग्यता, पात्रता की शर्तें, चयन प्रक्रिया तथा ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन जमा करने की समय-सारिणी की जानकारी उपलब्ध होगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अधिसूचना में दिए गए निर्देशों का अध्ययन करने को कहा गया है।
लंबे समय से लंबित है एसआइ भर्ती
वर्दीधारी सेवाओं में भर्ती की यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब ओडिशा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (एसआइ) भर्ती परीक्षा लंबे समय से लंबित है। वर्ष 2021 से अटकी इस भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने के लिए आयोग ने पहले नवंबर में परीक्षा कराने का संकेत दिया था।
साथ ही दिसंबर तक भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऐसे में नई भर्ती अधिसूचना से राज्य के युवाओं को पुलिस और अग्निशमन सेवाओं में रोजगार पाने का एक बड़ा अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें- कटक से पुरी तक असिस्टेंट इंजीनियर का करोड़ों का साम्राज्य, विजिलेंस के छापे में 3 बंगले और भारी सोना बरामद
