Migrant workers: अब बिना पास के इस राज्य में प्रवेश नहीं कर पाएंगे प्रवासी, चेकप्वाइंट पर होगी जांच
Migrant workers अन्य राज्य में फंसे ओडिशावासी अगर अपने राज्य में वापिस लौटना चाहते हैं तो इसके लिये पास लेना अब अनिवार्य होगा। प्रवेश के लिए ओडिशा में 12 बॉर्डर पर चेकप्वाइंट भी
भुवनेश्वर, जेएनएन। लॉकडाउन के कारण अन्य राज्यों में फंसे रहने वाले प्रवासी ओडिआ अब बिना पास के ओडिशा में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। वे जहां भी फंसे हैं अब उन्हें वहां की सरकार से पास लाना होगा। इसके अलावा राज्य सरकार के कोविड वेबसाइट में अपने आने का विस्तार से पंजीकरण करने की जानकारी आज राज्य परिवहन कमिश्नर संजीव पंडा ने दी है।
12 बार्डर पर बने चेकप्वाइंट
मीडिया को जानकारी देते हुए पंडा ने कहा है कि अन्य राज्य में फंसे रहने वाले ओडिशा के लोग यदि ओडिशा आना चाहते हैं तो फिर उन्हें वहां की सरकार या प्रशासन से पास लाना अनिवार्य है। जिस गाड़ी से वे आएंगे, उस गाड़ी के बारे में एवं उसमें आने वाले यात्रियों के बारे में ओडिशा सरकार के कोविड वेबसाइट में पंजीकरण करना होगा। ओडिशा में प्रवेश के लिए 12 बार्डर पर चेकप्वाइंट बनाया गया है। यहां सभी वाहनों की एवं यात्रियों के बारे में जांच की जाएगी।
हाथ पर लगेगी स्टैंप
पंजीकृत होने वाले यात्री एवं गाड़ी के बारे में सूचना पहले से बार्डर चेक प्वाइंट में तैनात रहने वाले कर्मचारी के पास होगी। यहां पर जरूरी जांच होने के बाद सभी यात्रियों के हाथ पर न छूटने वाली स्याही से स्टैंप मारा जाएगा। वे जिस गाड़ी से आए होंगे, उसके लिए रूट चार्ट प्रदान किया जाएगा। वहां से गाड़ी कहां जाएगी, किस रास्ते से जाएगी, वह सब उसमें उल्लेख होगा। इसके अलावा पोर्टल के जरिए भी जिलाधीश एवं एसपी अपने जिले में किस राज्य से कितने लोग किस दिन आए हैं, उसकी जांच कर उन्हें 14 दिन के लिए क्वारंटाइन में रखने की व्यवस्था करेंगे।
बिना पास अनुमति नहीं
परिवहन कमिश्नर ने कहा है कि यदि किसी यात्री या फिर गाड़ी का पहले से ओडिशा सरकार के कोविड पोर्टल में पंजीकृत नहीं हुआ होगा तो फिर बार्डर चेकप्वाइंट में इसे करने का अवसर दिया जाएगा। हालांकि पहले से ही पंजीकरण करा लेना अच्छा होने की जानकारी राज्य परिवहन कमिश्नर पंडा ने दी है। यदि किसी व्यक्ति के पास जिस राज्य में वह रहता है उस राज्य का पास उसके पास नहीं होगा तो फिर उसे बार्डर के अन्दर घुसने की अनुमति नहीं दिए जाने की बात पंडा ने स्पष्ट कर दिया है।