विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा: शुद्धिकर्म के पानी में पेशाब करने से भड़की हिंसा, चाकूबाजी-पत्थरबाजी में 1 की मौत; 35 घायल

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:47 AM (IST)

नयागढ़ के आड़ीपड़ा गांव में शुद्धिकर्म भोज के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 35 से अधिक लोग घायल हो गए।

शुद्धिकर्म के पानी में पेशाब करने से भड़की हिंसा (AI Generated Image)

शुद्धिकर्म के पानी में पेशाब करने से भड़की हिंसा (AI Generated Image)

HighLights

  1. नयागढ़ के आड़ीपड़ा गांव में दो गुटों में हिंसक झड़प।

  2. झड़प में एक व्यक्ति की मौत, 35 से अधिक घायल हुए।

  3. शुद्धिकर्म भोज के दौरान विवाद से शुरू हुआ खूनी संघर्ष।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। नयागढ़ जिले के नुआगांव थाना क्षेत्र के गातेरी पंचायत अंतर्गत आड़ीपड़ा गांव में बुधवार रात करीब 10:30 बजे दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई।

देखते ही देखते विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान गांव के मनु बारिक (50) के रूप में हुई है।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। सभी घायलों को पहले महिपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इनमें से 11 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने पर महिपुर पुलिस चौकी, नुआगांव थाना पुलिस और नयागढ़ से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और दोनों पक्षों के लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।

शुद्धिकर्म के भोज में विवाद से शुरू हुआ बवाल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में बुधवार को एक व्यक्ति के शुद्धिकर्म का भोज आयोजित किया गया था। भोजन बनाने और अन्य व्यवस्थाओं के लिए आयोजक ने कुछ बड़े ड्रमों में पानी भरकर रखा था। इसी दौरान गांव के दूसरे गुट के कुछ युवक वहां पेशाब कर रहे थे।

यह देखकर आयोजक ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से ईंट-पत्थर और बालू फेंके जाने लगे।

इस दौरान वहां मौजूद मनु बारिक ने बीच-बचाव करते हुए लोगों को समझाने और झगड़ा रोकने का प्रयास किया। इसी बीच एक युवक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। उसने मनु के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े।

उनकी मौत के बाद एक पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और देखते ही देखते पूरा गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दोनों गुटों के लोग हाथों में धारदार हथियार और अन्य मारक सामान लेकर एक-दूसरे पर हमला करने लगे। इस हिंसा में 35 से अधिक लोग घायल हो गए।

कई दिनों से चल रहा था तनाव

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गांव में नाटक का मंचन किया जा रहा है। जिस स्थान पर शुद्धिकर्म का आयोजन किया गया था, उसी जगह पर नाटक करने वाले एक गुट के युवक भी कार्यक्रम आयोजित करना चाहते थे।

इसको लेकर दोनों गुटों के बीच पिछले कुछ दिनों से तनाव और खींचतान चल रही थी। बुधवार रात पानी के ड्रम में पेशाब करने की घटना ने पहले से चले आ रहे विवाद को हिंसक रूप दे दिया।

फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर कैंप कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने इस मामले में किसी को हिरासत में नहीं लिया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।