ओडिशा में नक्सलियों ने ठेकेदार की गोली मार की हत्या
Naxalite. ओडिशा में नक्सलियों ने ठेकेदार की गोली मार की हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। ओडिशा में कंधमाल जिला के फिरंगिया थाना अंतर्गत केलेरपंगा गांव में नक्सलियों ने एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात ठेकेदार कैलास दिगल (40) के घर पहुंचे नक्सलियों ने उन्हें बुलाकर गांव से बाहर लाकर गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मारने से पहले नक्सलियों ने कैलाश के हाथ को बांध दिए थे। हत्या करने के बाद मौके पर कुछ पोस्टर वे छोड़ गए थे। नक्सलियों ने किस लिए कैलाश की हत्या किए हैं, वह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। फिरंगिया थाना पुलिस मामला दर्ज कर घटना की छानबीन कर रही है।
राज्य में चुनाव के दौरान कंधमाल में नक्सलियों ने दूसरी हत्या की है। दूसरे चरण के चुनाव के एक दिन पहले नक्सलियों ने 17 अप्रैल को जिला गोच्छापड़ा थाना बाराला गांव के पास एक महिला पोलिंग कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। महिला का नाम संयुक्ता दिगल था। वह ग्राम रोजगार सेविका थी। जब वह पोलिंग बूथ पर अपनी टीम के साथ जा रही थी, तभी नक्सलियों ने पहले विस्फोट किया और फिर गोली मारकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था। इसके अलावा उसी दिन नक्सलियों ने एक पोलिंग गाड़ी को भी जला दिया था।