किसानों के ओडिशा बंद को नक्सलियों का भी समर्थन
दक्षिण ओडिशा के कंधमाल जिले में एक बार फिर नक्सलियों की गतिविधि सामने आयी है।
जेएनएन, भुवनेश्वर : दक्षिण ओडिशा के कंधमाल जिले में एक बार फिर नक्सलियों की गतिविधि सामने आयी है। जिले के दा¨रगबाड़ी थाना अंतर्गत बुड़ागुड़ा गांव में एक से अधिक नक्सल पोस्टर मंगलवार को देखे गए। सीपीआइ नक्सल ओडिशा राज्य कमेटी लिखे इन पोस्टर में पुलवामा हमले के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया गया है। पोस्टर में यह भी लिखा हुआ है कि यह फांसीवादी नीति का परिणाम है। इन पोस्टरों में राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को किसान विरोधी बताया गया है। इतना ही नहीं नव निर्माण किसान संगठन की तरफ से बुलाए गए 21 फरवरी को ओडिशा बंद का नक्सल संगठन ने भी समर्थन किया है। इस बंद को सफल बनाने के लिए नक्सलियों ने आह्वान दिया है। क्षेत्र में नक्सली पोस्टर मिलने के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।