बूथ स्तर तक महिला मोर्चा को मजबूत करने का संकल्प
राज्य महिला मोर्चा की अध्यक्ष प्रभाती परिड़ा के अनुसार, प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं से राज्य की जो भी महिला वंचित हैं, योजनाओं का लाभ शीघ्र उन तक पहुंचाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की पुरी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई। इसमें महिला मतदाताओं को भाजपा की तरफ आकर्षित करने की रणनीति बनाने के साथ बूथस्तर पर महिला मोर्चा को मजबूत करने का निर्णय लेने समेत घर-घर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही नवीन पटनायक सरकार की विफलता को जन-जन तक पहुंचने का आह्वान मोर्चा कार्यकर्ताओं से किया गया। बैठक में कई राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किए गए।
राज्य महिला मोर्चा की अध्यक्ष प्रभाती परिड़ा के अनुसार, प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं से राज्य की जो भी महिला वंचित हैं, आगामी तीन महीने के अंदर योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाया जाएगा। सांसद मीनाक्षी लेखी ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार की जनधन योजना में 16 करोड़ महिलाओं का खाता खोला गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में 5 करोड़ महिलाओं को मुफ्त में गैस कनेक्शन समेत प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इंद्र धनुष एवं सुरक्षित मातृत्व योजना में मातृ-शिशु शिशु को लाभ मिल रहा है। आशा एवं आंगनबाड़ी कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि के साथ बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ, मुद्रा योजना के जरिये भी मोदी सरकार ने महिलाओं को प्रोत्साहन दिया है।
उन्होंने मोर्चा कार्यकर्ताओं को केंद्र की इन महिला जनकल्याणकारी योजनाओं को राज्यभर में घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। लेखी ने कहा कि तीन तलाक के खिलाफ केंद्र सरकार ने कड़ा नियम बनाया है। महिलाओं की सुरक्षा केंद्र सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने मोर्चा कार्यकर्ताओं को समर्पण एवं निष्ठा के साथ लोगों के लिए काम करने का सुझाव दिया। मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहातकर की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समापन समारोह में भाजपा के राज्य प्रभारी अरुण ¨सह भी उपस्थित रहे।