विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2 क्रू मेंबर्स का रेस्क्यू, 22 अब भी लापता; बंगाल की खाड़ी में नेवी ने उतारे 3 युद्धपोत

Published: Sun, 23 Aug 2026 02:24 PM (GMT+05:30)Updated: Sun, 23 Aug 2026 03:29 PM (GMT+05:30)

odisha Cargo ship sank: पारादीप से चीन जा रहा मालवाहक जहाज एमवी ओशन विनर बंगाल की खाड़ी में लापता हो ...और पढ़ें

नेवी का सर्च ऑपरेशन जारी। फोटो X@IN_WNC

नेवी का सर्च ऑपरेशन जारी। फोटो X@IN_WNC

HighLights

  1. पारादीप से चीन जा रहा मालवाहक जहाज एमवी ओशन विनर लापता।

  2. जहाज पर सवार 24 क्रू सदस्यों में से 22 अब भी लापता।

  3. भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने व्यापक खोज अभियान चलाया।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से चीन के लिए रवाना हुआ मालवाहक जहाज एमवी ओशन विनर बंगाल की खाड़ी में लापता हो गया है। जहाज पर 24 विदेशी क्रू सदस्य सवार थे।

अब तक दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी सदस्यों की तलाश जारी है। भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया है।

तीन युद्धपोतों से समुद्र में तलाश

लापता जहाज की तलाश के लिए खोज के लिए आईसीजीएस के जहाज वरद और अनमोल को तैनात किया गया है, जबकि विजयपुरम से विजित को अभियान में सहायता के लिए भेजा गया है। अधिकारियों ने समुद्र के बड़े क्षेत्र में खोज अभियान शुरू किया है।

20 अगस्त की रात पारादीप से हुआ था रवाना

जानकारी के अनुसार, एमवी ओशन विनर 20 अगस्त की रात पारादीप बंदरगाह से चीन के लिए रवाना हुआ था। जहाज पर करीब 72 हजार मीट्रिक टन लौह अयस्क लदा था। म्यांमार के रास्ते चीन की ओर बढ़ने के दौरान जहाज से संपर्क टूट गया।

बताया गया है कि पारादीप से करीब 220 समुद्री मील दूर पोर्ट ब्लेयर क्षेत्र के पास समुद्री सीमा में जहाज का पता नहीं चल पाया। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।

जहाज पर 20 चीनी समेत 24 विदेशी नागरिक

एमवी ओशन विनर पर कुल 24 विदेशी क्रू सदस्य सवार थे। इनमें 20 चीनी नागरिक, तीन म्यांमार के नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। दो सदस्यों को बचाए जाने के बाद अब अन्य लोगों का पता लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

सोनोवाल ने जताई चिंता

केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी जहाज के लापता होने पर सोशल मीडिया के माध्यम से चिंता जताई है। भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल की टीमें लगातार समुद्र में अभियान चला रही हैं। अधिकारियों का प्रयास है कि लापता जहाज और उसके बाकी चालक दल के सदस्यों का जल्द पता लगाया जा सके।

उन्होंने 11.23 बजे ट्वीट कर कहा है कि ओडिशा तट के पास एमवी ओशन विनर से जुड़ी दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर मैं बेहद चिंतित हूं। पनामा के झंडे वाले इस जहाज पर पारादीप बंदरगाह से चीन के लिए लौह अयस्क ले जाया जा रहा था।

सभी एजेंसियां आपस में करीबी समन्वय के साथ सक्रिय रूप से खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं। अब तक दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उनकी रैंक और पहचान की फिलहाल पुष्टि की जा रही है।

यह भी पढ़ें- सिंगापुर जा रहा कार्गो जहाज ओडिशा तट के पास डूबा, 24 लोग थे सवार