विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में तीन पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अस्पताल से फरार हुआ हत्या का आरोपी, शौच के बहाने चकमा देकर भागा

Published: Wed, 26 Aug 2026 09:03 AM (IST)

एक विचाराधीन कैदी सुंदरगढ़ जिला अस्पताल से तीन पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। हत्या के आरोप में गिरफ्तार ...और पढ़ें

पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अस्पताल से फरार हुआ हत्या का आरोपी

पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अस्पताल से फरार हुआ हत्या का आरोपी

HighLights

  1. सुंदरगढ़ अस्पताल से हत्या का विचाराधीन कैदी फरार।

  2. तीन पुलिसकर्मियों को चकमा देकर शौच के बहाने भागा।

  3. पुलिस ने फरार कैदी की तलाश में अभियान छेड़ा।

जागरण संवाददाता, राउरकेला। सुंदरगढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल में पुलिस की कार्यप्रणाली पर उस वक्त बड़ा सवाल खड़ा हो गया, जब इलाज के लिए लाया गया एक विचाराधीन कैदी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। हत्या के एक संगीन मामले में गिरफ्तार यह आरोपी तीन पुलिसकर्मियों की निगरानी के बावजूद शौच के बहाने से भागा, जिसके बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, फरार कैदी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के रूपाबहाल गांव निवासी टेक चंद बेहरा के रूप में हुई है। टेक चंद को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और वह पिछले साल अप्रैल महीने से जेल में बंद था। 

तबीयत बिगड़ने की शिकायत के बाद उसे बीते दिन ही सुंदरगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के वार्ड में उसकी सुरक्षा के लिए तीन पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी।

इलाज के दौरान शौच जाने की बात कही

बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान टेक चंद ने पुलिसकर्मियों से शौच जाने की बात कही। जब उसे शौचालय ले जाया जा रहा था, तभी वह मौका पाकर जवानों की आंखों में धूल झोंककर वहां से रफूचक्कर हो गया। कैदी के भागने की भनक लगते ही अस्पताल परिसर में खलबली मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी हरकत में आ गए।

इस बड़ी लापरवाही के बाद टाउन थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है और फरार विचाराधीन कैदी की धरपकड़ के लिए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस की कई टीमें जिले भर में नाकाबंदी कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, ताकि जल्द से जल्द उसे दोबारा सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।

यह भी पढ़ें- राउरकेला के आरएसपी क्वार्टर में मिला एंबुलेंस चालक का शव, पत्नी ने जताई हत्या की आशंका