झारसुगुड़ा में 5 दिन से लापता ITI छात्र का सड़ा गला शव नाले से मिला, दोस्त की बहन के बर्थडे में गया था देवेंद्र
ओडिशा के झारसुगुड़ा में 10 सितंबर से लापता 25 वर्षीय आईटीआई छात्र देवेंद्र सुनानी का सड़ा-गला शव एक नाले से ...और पढ़ें

झारसुगुड़ा में 5 दिन से लापता ITI छात्र का सड़ा गला शव नाले से बरामद।
HighLights
25 वर्षीय आईटीआई छात्र देवेंद्र सुनानी का शव मिला।
परिजन हत्या की आशंका जता रहे, पुलिस जांच में जुटी।
दो संदिग्ध युवक हिरासत में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
संस, झारसुगुड़ा। ओडिशा में झारसुगुड़ा जिले के कोलाबीरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरियापाली गांव से बीते 10 सितंबर से लापता 25 वर्षीय आईटीआई छात्र देवेंद्र सुनानी का सड़ा-गला शव राष्ट्रीय राजमार्ग-49 के किनारे स्थित एक नाले से बरामद हुआ है।
शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि देवेंद्र की हत्या कर शव को नाले में फेंका गया है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।
संदेह के आधार पर पुलिस ने 2 युवकों को उठाया
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक, सिरियापाली निवासी मधुबन सुनानी का बेटा देवेंद्र 10 सितंबर की शाम अपने घर पर ही था।
परिजनों का आरोप है कि उसी दौरान मनीष सोहेला नामक एक परिचित युवक अपनी बहन के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बहाने देवेंद्र को बुलाकर ले गया था। उसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटा।
परिजन ने दर्ज कराई गुमशुदगी
परेशान परिजनों ने अगले दिन कोलाबीरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 12 सितंबर को देवेंद्र की मां सरस्वती सुनानी ने झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जी.आर. राघवेंद्र को लिखित शिकायत देकर अपने बेटे के लापता होने के पीछे मनीष पर संदेह जताया था।
एसपी के निर्देश पर पुलिस मामले की तफ्तीश कर ही रही थी कि गांव के समीप नाले में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे झारसुगुड़ा एसडीपीओ उमाशंकर सिंह और कोलाबीरा थाना प्रभारी संतोष प्रधान ने पुलिस टीम के साथ शव को कब्जे में लिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगी मौत की वजह
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक (फॉरेंसिक) टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा की गेंगूती नदी में हादसा: नहाने के दौरान बहे बुजुर्ग दंपती, 14 किमी दूर सुरक्षित मिली महिला, पति लापता
यह भी पढ़ें- लोन नहीं मिला तो बैंक मैनेजर का अपहरण, 10 लाख की फिरौती मांगी; कटक से दो गिरफ्तार
