ओडिशा की गेंगूती नदी में हादसा: नहाने के दौरान बहे बुजुर्ग दंपती, 14 किमी दूर सुरक्षित मिली महिला, पति लापता
ओडिशा के जाजपुर जिले में गेंगूती नदी में स्नान करते समय एक बुजुर्ग दंपती तेज बहाव में बह गए। पत्नी को 14 किलोमीटर दूर से सुरक्षित बचा लिया गया है।

सोमवार तड़के गेंगूती नदी में स्नान करने गए एक बुजुर्ग दंपती पानी के तेज बहाव में बह गए।
HighLights
जाजपुर में गेंगूती नदी में बुजुर्ग दंपती बहे।
60 वर्षीय पत्नी 14 किमी दूर से सुरक्षित बचाई गईं।
64 वर्षीय पति सुधाकर ओझा की तलाश जारी है।
बालिकुडा घाट पर तड़के हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना बालिचंद्रपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बालिकुडा गांव स्थित बालिकुडा घाट पर हुई।
गांव के ही रहने वाले सुधाकर ओझा (64 वर्ष) और उनकी पत्नी सुलोचना ओझा (60 वर्ष) सुबह-सुबह नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान दोनों अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बहने लगे।
स्थानिकों की सूचना पर शुरू हुआ रेस्क्यू
आसपास मौजूद अन्य ग्रामीणों ने जब दंपती को बहते देखा, तो तुरंत दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही बारी (Bari) से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नदी में खोज व बचाव अभियान (Search and Rescue Operation) शुरू किया।
14 किमी दूर मिलीं सुलोचना, अस्पताल में भर्ती
कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने सुलोचना ओझा को घटनास्थल से करीब 14 किलोमीटर दूर महाकाल पाड़ा इलाके से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
उन्हें तत्काल इलाज के लिए इंदुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।
हालांकि, उनके पति सुधाकर ओझा का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। दमकल विभाग की टीम देर शाम तक नदी में उनकी तलाश में जुटी रही। पुलिस का कहना है कि मंगलवार सुबह फिर से व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया जाएगा।
