कीड़े वाला चावल, बिजली-पानी की किल्लत; 8 किमी पैदल चल अधिकारियों के पास पहुंचीं मयूरभंज की छात्राएं
मयूरभंज जिले के उदला ब्लॉक स्थित बिशीपुर आश्रम स्कूल की छात्राओं ने छात्रावास में पेयजल, बिजली और भोजन जैसी बुनियादी ...और पढ़ें

8 किलोमीटर पैदल मार्च कर अधिकारियों के पास पहुंची छात्राएं।
HighLights
बिशीपुर आश्रम स्कूल की छात्राओं ने किया 8 किमी पैदल मार्च।
छात्रावास में पेयजल, बिजली और भोजन की कमी का विरोध।
प्रधानाध्यापक पर दुर्व्यवहार का आरोप, जांच की मांग।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। मयूरभंज जिले के उदला ब्लॉक स्थित बिशीपुर आश्रम स्कूल की छात्राओं ने छात्रावास में बुनियादी सुविधाओं की कमी के विरोध में सोमवार को 8 किलोमीटर पैदल मार्च कर अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत रखी।
छात्राओं का आरोप है कि पिछले दो माह से छात्रावास में पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय के छात्रावास में करीब 150 छात्राएं रहती हैं। छात्राओं का कहना है कि उन्हें पर्याप्त पेयजल नहीं मिल रहा है और बिजली आपूर्ति भी लंबे समय से बाधित है।
इसके अलावा उन्हें कीड़ों से प्रभावित धान से तैयार चावल खाने के लिए दिया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका बनी हुई है।
छात्राओं ने बताया कि उन्होंने कई बार छात्रावास प्रभारी और मैट्रन को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। मैट्रन ने भी मामले की जानकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक को दी, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे अक्सर नशे की हालत में विद्यालय पहुंचते हैं और छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं।
समस्याओं का समाधान नहीं होने पर सोमवार को छात्राएं छात्रावास से निकलकर करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर संबंधित वेलफेयर एक्सटेंशन अधिकारी और शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पहुंचीं। वहां उन्होंने लिखित शिकायत सौंपते हुए छात्रावास में पेयजल, बिजली और गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आरोपों की जांच कराने की मांग की।
मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। छात्राओं के विरोध प्रदर्शन की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा के गजपति में 1 करोड़ से अधिक का गांजा जब्त, अंतरराज्यीय तस्करी की साजिश नाकाम
