पत्नी को प्रताड़ित एवं हत्या का प्रयास करने वाले मेजर सौम्यरंजन का पलटवार
मेजर सौम्यरंजन ने अपने पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में रहने का आरोप लगाया है मेजर को दहेज के लिए पत्नी को प्रताडि़त करने और उसकी हत्या करने के प्रयास जैसे संगीन मामलों में गिरफ्तार किया गया है। इनकी शादी 2013 में हुई थी।
भुवनेश्वर, जागरण संवादाता। दहेज के लिए प्रताड़ित करने एवं हत्या का प्रयास करने जैसे संगीन मामले में गिरफ्तार होने वाले मेजर सौम्यरंजन ने पलटवार करते हुए अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है। सौम्यरंजन के ऊपर लगे सभी आरोपों को उनके वकील ने खंडन किया है। उन्होंने कहा है कि विवाद सौम्यरंजन की तरफ से शुरु नहीं हुआ था बल्कि उनकी पत्नी की तरफ से शुरु किया गया था।
मेजर सौम्यरंजन के वकील ने कहा है कि 2013 में दोनों की शादी हुई थी मेजर सौम्यरंजन अन्य राज्य में कार्यरत रहते समय उनकी पत्नी दिल्ली में रहकर नौकरी कर रही थी। इस दौरान उनका अन्य एक व्यक्ति के साथ संपर्क रहने का आरोप सौम्यरंजन ने लगाया है। यह बात पता चलने के बाद सौम्यरंजन एवं उनकी पत्नी के साथ बहसबाजी भी हुई थी। दोनों के बीच शादी का बंधन तोड़ने की भी बात हुई थी। दोनों पति-पत्नी अलग रहने लगे। कुछ महीने पहले सौम्यरंजन के घर उनकी पत्नी जबरन आ गई। यहां पर परिवार के साथ कहासुनी होने पर उसने थाना में शिकायत की है।
सौम्यरंजन के ऊपर लगाए गए सभी आरोपों का उनके वकील ने खंडन किया है। हालांकि सौम्यरंजन के इस आरोप पर उनकी पत्नी की प्रतिक्रिया नहीं मिल पायी है। गिरफ्तार सौम्यरंजन को आर्मी कस्टडी में रखा गया है।