नवीन ने भुवनेश्वर, प्रधान ने तालचेर में किया मतदान
तीसरे चरण के चुनाव में मंगलवार को राज्य की 6 लोकसभा एवं 42 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ।
जासं, भुवनेश्वर : तीसरे चरण के चुनाव में मंगलवार को राज्य की 6 लोकसभा एवं 42 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। कुछ जगहों पर ईवीएम मशीन खराब होने के चलते सुबह के समय मतदान प्रभावित हुआ। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह मतदान की गति धीमी रही। लेकिन जैसे-जैसे समय गुजरा बूथों पर कतार बढ़ती गई और देर शाम तक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
राजधानी भुवनेश्वर में एरोड्रम कॉलोनी में बनाए गए बूथ नंबर 112 से मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं अनुगुल जिला के तालचेर विधानसभा क्षेत्र के 150 नंबर बूथ पर अपनी पत्नी के साथ कतार में लगकर केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने मतदान किया। इसी तरह, भुवनेश्वर में भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार अपराजिता षाड़ंगी ने आइआरसी विलेज में बने बूथ पर अपना वोट किया। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने केंदुझर जिले के सदर विस क्षेत्र के 252 नंबर बूथ जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अलावा कटक में बीजद से लोकसभा उम्मीदवार भर्तहरि महताब ने भी परिवार के साथ बूथ पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भाजपा से लोकसभा उम्मीदवार प्रकाश मिश्र ने कतार में लगकर मतदान किया। तीसरे चरण में भुवनेश्वर, कटक, पुरी, संबलपुर, ढेंकानाल एवं केंदुझर लोकसभा सीट एवं इसके अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीट के लिए मतदाताओं ने कुल 10464 बूथ पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीसरे चरण में लोकसभा के लिए 61 एवं विधानसभा के लिए 365 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।