असरदार रहा भाममो का 12 घंटे कोणार्क बंद
बंगाली युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आहृूत 12 घंटे कोणार्क बंद का शुक्रवार को व्यापक असर दिखा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : बंगाली युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आहूत 12 घंटे कोणार्क बंद का शुक्रवार को व्यापक असर दिखा। मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक शहर में घूम-घूमकर तमाम सड़कों पर टायर जलाकर आवागमन ठप कर दिया। इससे कोणार्क-पुरी, कोणार्क-भुवनेश्वर, कोणार्क-काकटपुर मार्ग पर पूरी तरह आवागमन ठप रहा और बाहर से आने वाले पर्यटक व अन्य राहगीर शहर में प्रवेश नहीं कर सके। कोणार्क सूर्य मंदिर घूमने आने वाले पर्यटकों को भी काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। मोर्चा कार्यकर्ता उक्त मामले में अभियुक्तों को तुरंत गिरफ्तार करने सहित कोणार्क जैसे पर्यटन क्षेत्र से सेक्स रैकेट को पूरी तरह से खत्म करने की मांग कर रहे थे। महिला मोर्चा की राज्य अध्यक्ष प्रभाति परिड़ा के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिनभर शहर में पिके¨टग कर दुकान-बाजार को भी बंद करा दिया। इससे दिनभर शहर में जनजीवन अस्तव्यस्त रहा।
इस मौके पर प्रभाति परिड़ा ने कहा कि नवीन पटनायक सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। राज्य में कानून व्यवस्था बद से बदतर हो गई है जिससे आए दिन दुष्कर्म जैसी घटनाएं सामने आ रही है। महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गया है। ऐसी घटनाओं को नियंत्रित करने में शासन-प्रशासन पूरी तरह से विफल हैं। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि आज के इस बंद को लोगों ने समर्थन किया और खुद से दुकान-बाजार भी बंद रखे।