गौ तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़: 15 मवेशी मुक्त, दो पिकअप वाहन जब्त; दो तस्कर गिरफ्तार
क्योंझर पुलिस ने अवैध गौ तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जिसमें 15 मवेशियों को मुक्त कराया गया और दो पिकअप वाहन जब्त किए गए।

पुलिस ने गौ तस्करी के एक रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 15 मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया है।
HighLights
क्योंझर पुलिस ने गौ तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया।
15 मवेशी मुक्त कराए गए, दो वाहन जब्त हुए।
पुलिस पर हमला करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार।
संसू, बड़बिल। क्योंझर जिला पुलिस को अवैध गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने गौ तस्करी के एक रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 15 मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया है। तस्करी में प्रयुक्त दो पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस बल पर वाहन चढ़ाने का प्रयास करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयूरभंज जिले के जशीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबडीहा गांव निवासी सोनू हो (22) और शिव बेहेरा (23) के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घाटगांव थाना क्षेत्र के संतरापुर इलाके से अवैध रूप से मवेशियों को लादकर मयूरभंज जिले के टेंटोपोशी, रायरंगपुर और जशीपुर क्षेत्रों की ओर ले जाया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमला करने का प्रयास
बताया जाता है कि पिछले कुछ महीनों से क्योंझर पुलिस की लगातार दबिश और सख्त कार्रवाई के चलते मवेशी तस्कर शांत पड़े थे।
हालांकि, दोबारा तस्करी की पुख्ता सूचना मिलने पर शुक्रवार रात पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर पिकअप वाहन से टक्कर मारने की कोशिश की।
पुलिस ने तत्परता और सतर्कता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
दो पिकअप वाहन जब्त, नेटवर्क की तलाश जारी
मौके से 15 मवेशियों को मुक्त कराने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल दो पिकअप वाहन (ओआर 05 एक्यू 6805 और ओआर 09 एम 4215) जब्त किए गए।
इस मामले में पटना थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य सदस्यों तथा वित्तीय लेन-देन करने वालों की भी तलाश में जुटी है।