विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्योंझर में नदी में नहाने गए बच्चों पर टूटा कहर: गहरे पानी में समाए दो सगे भाई, एक की हालत गंभीर

Published: Sat, 10 Oct 2026 09:04 PM (IST)

ओडिशा के क्योंझर जिले में नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो ...और पढ़ें

ओडिशा के क्‍योंझर में करीब छह घंटे की लंबी मशक्कत के बाद शाम पांच बजे उसका शव भी नदी से बरामद कर लिया गया।

ओडिशा के क्‍योंझर में करीब छह घंटे की लंबी मशक्कत के बाद शाम पांच बजे उसका शव भी नदी से बरामद कर लिया गया।

HighLights

  1. क्योंझर में नदी में नहाते समय हादसा।

  2. दो सगे भाइयों की डूबने से मौत।

  3. तीसरा बच्चा गंभीर, अस्पताल में भर्ती।

संवाद सूत्र, जैंतगढ़। ओडिशा के क्योंझर जिले के झूमपुरा क्षेत्र के अरसला गांव के समीप एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। 
 
जबकि तीसरे बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और एक ही परिवार में मातम पसर गया है।
 

गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आए बच्चे 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुहिब्बुर रहमान के दो बेटे अहमद (14 वर्ष) और साद (12 वर्ष) अपने साथी मुस्तफा के साथ शनिवार की सुबह अरसला नदी में नहाने गए थे। 
 
इसी दौरान तीनों बच्चे अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए और डूबने लगे। बच्चों को संकट में देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। 
 
सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू करने की पहल की।
 

छह घंटे तक चला राहत और बचाव अभियान 

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद नदी में लापता बच्चों की तलाश के लिए एक व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। 
 
सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ यह बचाव अभियान लगातार छह घंटे तक यानी शाम पांच बजे तक चला।
 
इस दौरान गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद 12 वर्षीय साद को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। वहीं, 14 वर्षीय अहमद की तलाश जारी रही। 
 
करीब छह घंटे की लंबी मशक्कत के बाद शाम पांच बजे उसका शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। दोनों भाइयों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। 
 

तीसरे बच्चे की हालत गंभीर, क्योंझर रेफर 

जिस घर में बच्चों की किलकारियों से रौनक रहती थी, वहां अब सिर्फ सन्नाटा और चीख-पुकार गूंज रही है। इस भीषण हादसे में तीसरे बच्चे मुस्तफा (पिता - मुअज्जम) को स्थानीय लोगों और बचाव टीम की मदद से जीवित बाहर निकाल लिया गया। 
 
हालांकि, पानी में ज्यादा देर रहने और सदमे के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए क्योंझर के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
 
मुहिब्बुर रहमान के परिवार पर आए इस अचानक वज्रपात से पूरा गांव गहरे सदमे में है। ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हुए हैं।