ऑनलाइन गेम से फंसाकर नाबालिग का अपहरण, भुवनेश्वर के होटल से केन्याई नागरिक गिरफ्तार; धर्म परिवर्तन का दबाव
पुरी में ऑनलाइन गेम के जरिए नाबालिग लड़की का अपहरण कर भुवनेश्वर में बंधक बनाने के आरोप में केन्याई नागरिक मोहम्मद फैयाज मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी ने लड़की से एक लाख रुपये की फिरौती मांगी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे होटल से पकड़ा।
HighLights
ऑनलाइन गेम से नाबालिग को फंसाकर किया गया अपहरण।
केन्याई नागरिक ने भुवनेश्वर होटल में बनाया बंधक।
धर्म परिवर्तन का दबाव, एक लाख रुपये की फिरौती मांगी।
संवाद सूत्र, पुरी। ओडिशा के पुरी में एक नाबालिग लड़की को ऑनलाइन गेम के जरिए अपने जाल में फंसाकर अपहरण करने और भुवनेश्वर के एक होटल में बंधक बनाकर रखने के आरोप में पुलिस ने केन्या के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय मोहम्मद फैयाज मोहम्मद के रूप में हुई है। वह केन्या के नियांजा क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सितंबर 2025 से ऑनलाइन कैरम गेम ऐप के माध्यम से नाबालिग लड़की के संपर्क में था।
पुलिस के अनुसार धीरे-धीरे ऑनलाइन चैटिंग के जरिए उसने लड़की का विश्वास जीता और उससे दोस्ती कर ली। इसी का फायदा उठाकर उसने कथित तौर पर लड़की को अपने जाल में फंसा लिया।
होटल में बंधक बनाकर मांगे एक लाख रुपये
पीड़िता की मां की शिकायत के मुताबिक, 18 नवंबर को आरोपी पुरी पहुंचा और एससीएस कॉलेज के पास नाबालिग से मुलाकात की। इसके बाद उसने लड़की को भुवनेश्वर मिलने के लिए बुलाया। आरोपी के बुलावे पर नाबालिग भुवनेश्वर पहुंच गई।
आरोप है कि वहां आरोपी ने उसे जागमरा इलाके के एक होटल में रखा और घरवालों से संपर्क कर उसकी रिहाई के बदले एक लाख रुपये की मांग की। पीड़िता की मां ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने नाबालिग पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
कॉल ट्रेस कर होटल तक पहुंची पुलिस
मामले की सूचना मिलते ही पुरी टाउन थाना पुलिस ने केस नंबर 809/26 के तहत मामला दर्ज किया। पुरी के एसपी प्रतीक सिंह के निर्देश पर सिटी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने परिजनों को आए फोन नंबर को ट्रैक किया तो उसकी लोकेशन भुवनेश्वर के जागमरा इलाके में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित होटल में छापेमारी की और नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया। मौके से आरोपी मोहम्मद फैयाज मोहम्मद को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पिता के इलाज के लिए वीजा लेकर भारत आया था आरोपी
एसपी प्रतीक सिंह के अनुसार, आरोपी अपने पिता का गुजरात में इलाज कराने के लिए वीजा लेकर भारत आया था। वह इसी महीने की 10 तारीख को भुवनेश्वर पहुंचा था। इस दौरान वह लगातार नाबालिग के संपर्क में था। पुलिस ने आरोपी के पासपोर्ट, वीजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नाबालिग से धर्म परिवर्तन को लेकर बातचीत करता था। पुलिस अब इस पूरे मामले के पीछे के वास्तविक उद्देश्य का पता लगाने में जुटी है।
लव जिहाद के एंगल पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी
पुरी एसपी प्रतीक सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
उन्होंने कहा कि नाबालिग के अपहरण के पीछे क्या उद्देश्य था और क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल इसे लव जिहाद का मामला कहना जल्दबाजी होगी। विस्तृत जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।