डॉग 'जैक्सन' ने सूंघ ली 14 लाख के गांजे की गंध! कटक स्टेशन पर बंगाल के दो तस्कर गिरफ्तार, केरल था टारगेट
कटक रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने 'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के प्रयास को विफल कर पश्चिम बंगाल के दो युवकों—निराश शेख और तन्मय शेख—को गिरफ्तार किया।

बंगाल के दो तस्कर गिरफ्तार
HighLights
कटक स्टेशन पर 'ऑपरेशन नारको' की बड़ी कामयाबी
RPF के खोजी कुत्ते ने पकड़ा ₹14 लाख का गांजा
केरल ले जाने की थी तैयारी
संवाद सहयोगी, कटक। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन नारको के तहत कटक रेलवे स्टेशन पर बड़ी सफलता मिली है।
आरपीएफ ने नारकोटिक्स डिटेक्शन डॉग जैक्सन की मदद से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के आरोप में पश्चिम बंगाल के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 28 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 44 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपित गांजे की खेप लेकर केरल जाने की फिराक में थे।
दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को सुबह करीब 11:05 बजे कटक रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान आरपीएफ पोस्ट कटक के अधिकारियों एवं जवानों ने आरपीएफ मांचेश्वर की डॉग स्क्वॉड टीम के साथ प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर भद्रक छोर की ओर दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा।
दोनों केरल जाने वाली ट्रेन में सवार होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। उनके पास ग्रे, बैंगनी और मैरून रंग के तीन नए बैग थे, जिन पर आयशा का लोगो लगा हुआ था।
आरपीएफ को देखते ही भागने लगे
आरपीएफ टीम को देखते ही दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सतर्क जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। बैगों की जांच के दौरान उनमें से गांजे की तेज गंध आई। इसके बाद मादक पदार्थों की पहचान के लिए प्रशिक्षित कुत्ते जैक्सन ने भी गांजा होने का संकेत दिया।
तलाशी लेने पर तीनों बैगों से भूरे सेलो टेप में लिपटे कुल 30 पैकेट बरामद हुए। एनडीपीएस जांच किट से परीक्षण और वजन करने पर उनमें 28.800 किलो गांजा होने की पुष्टि हुई।
बंगाल के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के सागरपाड़ा थाना अंतर्गत नतुन बामनाबाद, काजीपाड़ा निवासी 26 वर्षीय निराश शेख और 19 वर्षीय तन्मय शेख के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि, वे केरल के अलुवा स्थित एक मार्बल फैक्ट्री में काम करते हैं।
आरोप है कि, सुमन शेख उर्फ टोनी नामक व्यक्ति ने उन्हें कटक से अलुवा तक गांजे की खेप पहुंचाने के लिए तैयार किया था। इसके बदले प्रत्येक को 20 हजार रुपये देने का वादा किया गया था।
पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी
आरोपितों के अनुसार, उन्हें यह बैग कटक के घंटाघर-रणिहाट चौक के पास लाल रंग की कार से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने सौंपे थे। हालांकि, उक्त व्यक्ति की पहचान और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
घटना की सूचना तत्काल कटक जीआरपी थाना प्रभारी तथा भुवनेश्वर एनसीबी के अधिकारी को दी गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों और जब्त गांजे को आगे की कार्रवाई के लिए कटक सदर आबकारी विभाग को सौंप दिया गया।
आबकारी निरीक्षक केएल पाइकराय ने 10 नवंबर को पीआर संख्या 42/2026-27 के तहत एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 20(बी)(ii)(सी) में मामला दर्ज किया।दोनों आरोपितों को 11 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन नारको के तहत की गई यह कार्रवाई रेलवे स्टेशन के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता है। इसमें आरपीएफ कटक पोस्ट और मांचेश्वर डॉग स्क्वॉड की संयुक्त टीम की सतर्कता और समन्वयपूर्ण कार्रवाई की अहम भूमिका रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।