ओडिशा में भारी बारिश की संभावना
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र ओडिशा के ऊपर सक्रिय रहने से अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र ओडिशा के ऊपर सक्रिय रहने से आगामी 24 घंटे में भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रह है। मौसम विभाग ने मंगलवार को सुबह तक कलाहाडी, कंधमाल, कोरापुट, गंजाम, बरगड़, केंदुझर, संबलपुर, देवगड़ आदि जिला में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इस समय के दौरान समुद्र अशांत रहेगा और तेज हवाएं चलेगी। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में न जाने की हिदायत दी गई है।
उधर, कम दबाव के प्रभाव से हो रही बारिश के चलते महानदी एवं इसकी शाखा नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। आगामी 24 घंटे तक पश्चिम ओडिशा में भारी बारिश होगी। इससे महानदी के साथ अन्य शाखा नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है। मौसम विभाग ने सभी को सतर्क रहने की सलाह दी है।
इस संबंध में स्थानीय मौसम वैज्ञानिक प्रो. सुरेंद्र नाथ पशुपालक ने बताया कि वर्तमान में ओडिशा में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। जो पश्चिम दिशा की तरफ आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से केंद्रीय एवं पश्चिमी ओडिशा में बारिश होगी। हालांकि मंगलवार को बारिश कम हो जाएगी। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को ओडिशा के ऊपर और एक कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। इससे आगामी दो दिन तक केंद्रीय एवं उत्तर ओडिशा में अधिकांश जगहों पर बारिश होगी।