प्रो.गणेशी लाल बने ओडिशा के नए राज्यपाल
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो.गणेशी लाल को ओडिशा का नय
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो.गणेशी लाल को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इस संबंध में शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन से जारी विज्ञप्ति में इस आशय की जानकारी दी गई। हरियाणा के पूर्व भाजपा अध्यक्ष गणेशी लाल वर्तमान समय में भाजपा अनुशासन कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। कभी गणित अध्यापक रहने वाले प्रो. लाल 1991 में सिरसा से चुनाव लड़े थे मगर उस समय वह पराजित हो गए। 1996 में वह पुन: सिरसा विधानसभा सीट चुनाव लड़े और विजयी हुए। 1996-99 में भाजपा एवं हरियाणा विकास पार्टी के गठबंधन सरकार में वह खाद्य मंत्री बने थे। प्रो. लाल का राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के साथ गहरा संबंध है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी करीबी माने जाते हैं। प्रो. लाल की नियुक्ति पूर्व राज्यपाल डा. एससी जमीर के स्थान पर की है। जमीर का कार्यकाल खत्म होने के बाद बिहार के राज्यपाल सतपाल मलिक ओडिशा के अतिरिक्त राज्यपाल का दायित्व निभा रहे थे।
इस बीच केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने प्रोफेसर गणेशी लाल को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किए जाने का स्वागत किया है। प्रधान ने प्रो.लाल की राज्य के राज्यपाल के तौर पर नियुक्त के बाद टेलीफोन से बात कर उन्हें बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि संस्कृति संपन्न राज्य में प्रो. लाल अपना कार्यकाल सुचारू रूप से पूरा करेंगे।