राउरकेला में सोना गिरवी रखने के नाम पर धोखाधड़ी, तीन गिरफ्तार
ओडिशा के राउरकेला में सोना गिरवी रखने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है आरोपी उमंग सोना गिरवी रखने के बाद उसे ज्वैलर्स को बेच देता था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी ठगबाज उमंग कपूर के साथ दो अन्य को भी गिरफ्तार किया है।
राउरकेला, जागरण संवाददाता। सोना गिरवी रखने पर कम दर पर ब्याज मिलने का लालच देकर एक करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में टांगरपाली पुलिस ने मुख्य ठगबाज उमंग कपूर के साथ-साथ गिरवी रखे गए सोने को खरीदने वाले मोहनजी ज्वैलर्स के मनोज साहू तथा साहू अलंकार भंडार के दीनानाथ साहू को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद मुख्य ठग उमंग कपूर की तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य दो आरोपी मनोज साहू ल दीनानाथा साहू को जेल भेज दिया है। इनके पास से गिरवी के 1.53 ग्राम सोने जब्त किया है। जबकि मुख्य आरोपी द्वारा तीन किलों से अधिक सोने को गिरवी रखकर बेचे जाने की बात सामने आ रही है।
गिरवी रखने पर आरोपी बेच देता था सोना
घटना के संबंध में मिली सूचना के मुताबिक उमंग कपूर पिछले काफी समय से लोगों से उनका सोना गिरवी रखकर कम ब्याज पर पैसा दे रहा था। लेकिन अधिकतर समय में लोग ब्याज व मूल राशि मिलकर सोने की कीमत से ज्यादा होने के कारण गिरवी रखा सोना छुड़ाते नहीं थे। जिसका लाभ लेकर आरोपी गिरवी रखे जाने के बाद ही सोने को शहर के विभिन्न सोना दुकानों में बेच दिया करता था। लेकिन इस बीच सोने का भाव 50 हजार रुपए का पार होने के कारण लोगों ने गिरवी रखा अपना सोना छुड़ाना शुरु किया था। लेकिन पहले ही लोगों का सोना बेच देने के कारण उमंग उन्हें उनका सोना लौटा नहीं सकता था। इस लिए वे उन्हें टरकाते आ रहा था। इस बीच कई लोगों ने इसे लेकर टांगरपाली थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी। फर्टिलाइजर के बासंती सामंता की शिकायत पर पुलिस ने एक मामला दर्ज कर कर लिया।
गिरफ्तारी व पुलिस के पूछताछ के बाद बिगड़ी आरोपी की तबीयत
मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी उमंग को गिरफ्तार किया तो एक करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी सामने आई थी। जांच में उसने बताया कि वह गिरवी रखे सोने को शहर के मोहनजी ज्वैलर्स के मनोज साहू तथा साहू अलंकार भंडार के दीनानाथ साहू को ज्यादा दाम पर बेच दिया था। उधर, गिरफ्तारी व पुलिस के पूछताछ के कारण में उमंग की तबीयत बिगड़ गई तो उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि उसके निशानदेही पर दोनों सोना दुकानदार को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उन्होंने सोने की खरीद की बात मानी थी तथा उनके पास से 1.53 ग्राम सोना बरामद किया गया था। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
इस मामले के जद में और भी कई सोना दुकानदार आ सकते है। सोने का यह खेल शहर में काफी पुराना है। लेकिन सोने के भाव बढ़ने पर इस तरह के मामले सामने आते है। इसी तरह सोना खरीदने के लिए प्रतिमाह पैसा जमा करने की स्कीम चलाने सोना दुकानदार भी सोने का दर बढ़ने पर या घटने दोनों ही स्थिति में ग्राहकों को ठगते है। जबकि स्कीम के तहत वर्तमान दर से सोना देने की बात होती है।