भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ओडिशा के मयूरभंज जिले के बांगिरीपोशी थाना अंतर्गत द्वारसुनी घाटी में साल की पहली बारिश ने कहर बरपाया है, जिसके चलते पांच दुर्घटनाएं हुईं। इस घटना में छह लोग घायल हो गए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

यहां 24 घंटे की अवधि में अलग-अलग दुर्घटनाएं और ओलावृष्टि हुई है। इसमें महिलाओं समेत 3 लोगों की हालत गंभीर है और छह लोग घायल हो गए हैं।

सभी को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया है। इसके अलावा एक व्यक्ति की हालत गम्भीर है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इन तमाम जगहों पर वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

ट्रक और कंटेनर से टकराई यात्री बस

जानकारी के मुताबिक पिछली रात ट्रक के एक कंटेनर से टकरा जाने के कारण दुर्घटना हुई है, जिसमें दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

रायरंगपुर से बारीपदा जा रही यात्री बस (जय हनुमान) ने आज दोपहर एक कार के लौह अयस्क से लदे ट्रक से टकरा जाने के बाद कंटेनर को टक्कर मार दी। इसमें तीन यात्री घायल हुए हैं। घायलों में से एक की हालत गंभीर है, जबकि दो अन्य लोगों को सामान्य चोट लगी है।

इन सभी को इलाज के बाद छोड़ दिया गया है। वहीं अन्य एक दुर्घटना में एक ट्रक पलट गया। हादसा दोपहर में आई आंधी एवं पहली बारिश के कारण हुआ। एक दुर्घटना को छोड़कर, सभी दुर्घटनाएं वाहन के आगे-पीछे टकराने के कारण हुईं।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक ने कहा कि बारिश में ब्रेक नहीं पकड़ने के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

ओलावृष्टि से दो महिलाओं की हालत गंभीर 

इसके अलावा रायगढ़ जिले के काशीपुर में बारिश और ओलावृष्टि होने की खबर है। इसमें कंजाकाना गांव की दो महिलाओं की हालत गंभीर है। उन्हें काशीपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी तरह बालेश्वर जिले के नीलगिरी के प्रतापपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 16 मवेशियों की मौत हो गई।

खबर के मुताबिक रायगड़ा जिले के काशीपुर ब्लॉक में आज शाम 5 बजे ओलों के साथ बारिश हुई है। इस बीच, गोरखपुर से मारीभाटा गांव तक ओले गिरने से मुख्य सड़क कुछ देर के लिए ओलों से ढक गई। पिछले कुछ समय से सड़कों पर कश्मीर जैसे नजारे देखने को मिले। क्षेत्र में नदी में गई दो महिलाएं ओलावृष्टि में गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें काशीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

इसी तरह काशीपुर ब्लॉक के पनाशगुड़ा गांव में भी कुछ घरों के टिन उड़ गए हैं। स्थानीय तहसील कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में पेड़ गिर गए हैं। कुछ लोगों के मुताबिक, इस तरह की ओलावृष्टि और बारिश लंबे समय से नहीं हुई है।

यात्री बस पर गिरा पेड़

बालेश्वर में सहदेवखूंटा बस स्टैंड पर शाम को एक बड़ा पेड़ एक यात्री बस पर गिर गया। बस बालेश्वर से कोलकाता जाने वाली थी। आंधी आने के कारण बस मुख्य सड़क पर रूकी थी। गनीमत रही कि हादसे के वक्त बस में कोई भी व्यक्ति नहीं था। क्योंकि यह बस रात में कोलकाता के लिए रवाना होती है। इस वजह से सड़क काफी देर तक जाम रही। इससे अन्य वाहनों और लोगों की आवाजाही बाधित हुई। इसी तरह नीलगिरी के प्रतापपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 16 मवेशियों की मौत हो गई।

जिले के कई हिस्सों में शाम चार बजे से देर शाम तक ओलावृष्टि के साथ मध्यम बारिश हुई है।बालेश्वर शहर में बारिश का पानी जाम नालियों में घुसकर सड़कों तक आ गया है। बारिश एवं आंधी के बीच बिजली सेवा भी बाधित हुई है।बार-बार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। कुलडीहा और अन्य क्षेत्रों में जंगल की आग के लिए बारिश एक वरदान साबित हुई है।

Edited By: Yashodhan Sharma