Odisha Crime: बौध में पेट्रोलिंग कर रही वन विभाग की टीम पर फायरिंग, दो कर्मचारियों को लगी गोली; हालत गंभीर
Odisha Crime बदमाशों की फायरिंग में वन विभाग के कर्मचारी नीलाचल प्रधान और नब कुमार साहू घायल हो गए। दोनों को बौध जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग करने के पीछे का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
अनुगुल, संतोष कुमार पांडेय। बौध जिला के खलियापाली चौक के समीप मंगलवार देर रात पेट्रोलिंग के दौरान अज्ञात बदमाशों ने वन विभाग की टीम पर फायरिंग कर दी। हमले में दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
वन विभाग के कर्मचारी नीलाचल प्रधान के कंधे में एक गोली लगी। दूसरी, गोली नब कुमार साहू की पीठ में लगी। फिलहाल, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अतिरिक्त वन संरक्षक सहित पांच अन्य कर्मचारी फायरिंग की घटना में बाल-बाल बचे। फायरिंग के पीछे के कारण क्या है, अभी पता नहीं चला है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात बौध के बघियापाड़ा रेंज के खलियापाली चौक के समीप पेट्रोलिंग कर रही वन विभाग की टीम पर बाइक सवार कुछ बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
उन पर तमंचे से फायरिंग करने के बाद बदमाश दो बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। हमले में घायल वन विभाग के दो कर्मचारियों को गंभीर हालत में बौध जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।