हर समय गरीबों के साथ है बीजद सरकार : मुख्यमंत्री
नगर में 10 हजार बस्तीवासियों के लिए पक्का घर मुहैया करने के लिए आवास मिशन योजना का मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुभारंभ किया।
जासं., भुवनेश्वर : नगर में 10 हजार बस्तीवासियों के लिए पक्का घर मुहैया करने के लिए आवास मिशन योजना का मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुभारंभ किया। इस योजना के तहत वर्ष 2022 तक 8899 बस्तीवासियों को पक्का घर के लिए आवंटन पत्र मुहैया किया गया। इसमें से 104 लोगों को निर्णायक आवंटन पत्र, 130 लोगों को प्रोविजनल आवंटन पत्र एवं 8665 लोगों को इनटाइटलमेंट प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
स्थानीय जनता मैदान में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि गरीब लोगों का कल्याण करना बीजद सरकार की प्राथमिकता है। हमारी सरकार हर समय गरीबों के साथ है और उनके हित के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री पटनायक ने कहा कि गरीबों की खुशी में ही मेरी खुशी है। 2022 तक सभी बस्तीवासियों को पक्का घर मुहैया करा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजद सरकार ने 10 हजार बस्तीवासियों को पक्का घर देने का निर्णय लिया है। राज्य के शहरी क्षेत्र में मौजूद सभी बस्तीवासियों को ओडिशा शहरांचल आवास मिशन योजना के तहत 2015 में राज्य सरकार ने 2022 तक पक्का आवास मुहैया कराने के लिए घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति में मां को राज्य के विकास में सारथी के तौर पर वर्णन करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने जो वादा किया था उसे पूरा किया है। मिशन शक्ति के माध्यम से बीजद सरकार इस समय बिना ब्याज पर कर्ज दे रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गाड़कड़ा में बनी रंगमाटिया बस्ती के उन्नतीकरण प्रोजेक्ट एवं खारवेल नगर में निर्माण श्रमिकों के लिए बनाए गए आश्रय स्थल का उद्घाटन एवं भुवनेश्वर एकाम्र, मध्य एवं उत्तर विधानसभा चुनाव क्षेत्र में सड़क, बिजली, ड्रेनेज आदि विकास कार्यो का शिलान्यास किया।