बीजद और भाजपा दिखावे के लिए आपस में लड़ रहे : निरंजन पटनायक
ओडिशा कांग्रेस के अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने बीजद और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है।
संसू, भुवनेश्वर : ओडिशा कांग्रेस के अध्यक्ष निरंजन पटनायक ने बीजद और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोनों में सांठगांठ चलने की बात कही है। दक्षिण ओडिशा के पोलसरा, सानखेमुंडी क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार के दौरान पटनायक ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच अघोषित समझौता हुआ है जबकि ऊपरी दिखावे के लिए दोनों दल आपस में लड़ रहे हैं।
पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस द्वारा गरीब लोगों के कल्याण के लिए सालाना 72 हजार रुपये की जो स्कीम (न्याय) घोषित की गई है उससे विपक्षी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से गरीब, वंचित, पीड़ित, शोषित वर्ग के साथ खड़ी हुई है। और आगे भी हमारा लक्ष्य इस वर्ग के विकास को प्राथमिकता देने का है। निरंजन पटनायक ने कहा कि राज्य में लंबे समय से सत्ता पर काबिज नवीन पटनायक की सरकार ने गरीबों के कल्याण को महत्व नहीं दिया है। कांग्रेस अगर सत्ता में आती है तो सबसे पहले गरीबों के कल्याण के लिए प्रभावी कदम उठाएगी। पीसीसी अध्यक्ष ने वोटरों को आगाह किया कि बीजद और भाजपा आपसे मिले हुए हैं। इनसे सावधान रहने की जरूरत है।